prashant kishor: बिहार में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। इस दिन 122 सीटों पर मतदान किया जाएगा।
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 11 नवंबर को दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे फेज के लिए आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। इससे पहले सियासी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने बताया है कि इस बार चुनाव में कौन एक्स फैक्टर (X फैक्टर) है।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “बिहार में इस बार चुनाव में महिलाएं एक्स फैक्टर नहीं है, प्रवासी मजदूर एक्स बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग छठ के लिए आते थे और रूक जाते थे, वे लालू-नीतीश के कारण रुकते नहीं थे। लेकिन अब लोग सोच रहे हैं, चलो रुकते हैं और देखते हैं। चलो वोट करते हैं और देखते हैं कि शायद बदलाव आए। शायद हमारी ज़िंदगी बेहतर हो जाए।"
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि पहले लोगों के पास महागठबंधन और एनडीए के अलावा कोई विकल्प नहीं था, लेकिन इस बार जन सुराज पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में देख रहे है। पीके ने कहा कि यहां 30-35 सालों से जो यथास्थिति की राजनीति चल रही थी, उसी की वजह से मतदान प्रतिशत पहले कभी नहीं बढ़ा।
उन्होंने कहा कि पहली बार यहां जन सुराज के रूप में एक नई पहल शुरू हुई है। इसलिए, मतदान प्रतिशत में कुछ वृद्धि हुई है। इसमें कोई संदेह नहीं है, क्योंकि अब ज़्यादातर जगहों पर त्रिकोणीय लड़ाई चल रही है। पहले सिर्फ़ दो ही विकल्प (महागठबंधन और एनडीए) होते थे। इसलिए, जो उनके समर्थक थे, वे वोट देते थे और जो नहीं थे, वे वोट देने नहीं जाते थे।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि इतने ज़्यादा मतदान प्रतिशत का मौजूदा सरकार के प्रति समर्थन दिखाना "संभव नहीं" है। साथ ही उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को मतगणना के दिन इतिहास रचा जाएगा, क्योंकि बदलाव के लिए लोगों का वोट नतीजों में दिखाई देगा।