राष्ट्रीय

Bihar Election: विधानसभा चुनाव से पहले 6 बार के विधायक ने कांग्रेस का छोड़ा साथ, JDU में हुए शामिल

Bihar Election: रविवार को अशोक राम ने जदयू कार्यालय में जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण की। अशोक राम ने जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब मेरी जरूरत नहीं है।
1 minute read
Aug 03, 2025
Feature image
JDU में शामिल हुआ कांग्रेस नेता अशोक राम (Photo- X @dharmendra135)

Bihar Election: बिहार में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने है। विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता अशोक राम ने पार्टी छोड़ नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू का दामन थाम लिया है। इसके अलावा भाजपा अति पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश प्रसाद चौरसिया ने अपने समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

कांग्रेस को लगा झटका

बता दें कि अशोक राम कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार थे। इसके अलावा वे 6 बार विधायक भी रह चुके हैं और बिहार प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी थे। वहीं वे कांग्रेस विधायक दल के नेता और बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। 

जदयू का थामा दामन

रविवार को अशोक राम ने जदयू कार्यालय में जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण की। अशोक राम ने जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब मेरी जरूरत नहीं है। कांग्रेस को खत्म करने की मंशा में लालू प्रसाद यादव सफल रहे हैं। कांग्रेस अब नेहरू-राजीव के दौर की नहीं रही। 

बीजेपी नेता ने थामा राजद का दामन

वहीं दूसरी तरफ विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का भी विकेट गिरा है। बीजेपी  अति पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश प्रसाद चौरसिया ने राजद का दामन थाम लिया है। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, प्रदेश महासचिव फैयाज आलम और संजय यादव भी मौजूद थे। 

लालू की जीवनी देकर किया सम्मानित

राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन ने बीजेपी नेता सुरेश प्रसाद चौरसिया को राजद की सदस्यता ग्रहण कराई। इसके अलावा उनको लालू प्रसाद यादव की जीवनी ‘गोपालगंज से रायसीना’ पर लिखी पुस्तक देकर सम्मानित भी किया। 

Updated on:
03 Aug 2025 02:44 pm
Published on:
03 Aug 2025 02:43 pm