राष्ट्रीय

दिल्ली वाली गलती बिहार में रिपीट नहीं करेगी कांग्रेस! खरगे, राहुल के साथ तेजस्वी बनाएंगे ‘फुल प्रूफ’ प्लान

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को कांग्रेस और आरजेडी की बैठक होगी। इस बैठक में सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा की जा सकती है।
2 min read
Apr 14, 2025
Feature image
15 अप्रेल को कांग्रेस और आरजेडी की बैठक होगी।

Bihar Election: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव (bihar Assembly Election 2025) होने है। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस (Congress) ने तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बिहार का दौरा किया था। इस दौरान कांग्रेस सांसद कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको-नौकरी दो’ पदयात्रा में शामिल हुए, वहीं कांग्रेस नेताओं के साथ भी बैठक की। अब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आरजेडी की 15 अप्रेल को महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। यह बैठक दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) के आवास पर होगी।

कौन-कौन होगा शामिल

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के अलावा दोनों दलों के नेता भी शामिल होंगे। बता दें कि यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर होगी और इसमें सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

सीएम फेस को लेकर खींचतान जारी

बता दें बिहार महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर खींचतान जारी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। दरअसल, कांग्रेस ने अभी तक सीएम फेस के नाम पर तेजस्वी यादव के नाम पर हमी नहीं भरी है। ऐसे में यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीएम नीतीश कुमार के बेटे पर तेजस्वी यादव का बयान, देखें वीडियो (वीडियो पुराना है)…

हरियाणा और दिल्ली की गलती नहीं दोहराएगी कांग्रेस

बता दें कि हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल, हरियाणा विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन होने की खबर सामने आई थी, लेकिन अंत में दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी और गठबंधन नहीं हुआ। वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी इंडिया गठबंधन के दो दल कांग्रेस और आप ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। अलग-अलग चुनाव लड़ने का दोनों दलों को नुकसान हुआ और दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। वहीं अब कांग्रेस हरियाणा और दिल्ली वाली गलती बिहार में नहीं दोहराना चाहती है।

बिहार में कांग्रेस कमजोर!

दरअसल, बिहार में कांग्रेस का नेतृत्व कमजोर है। विधानसभा चुनाव 2020 में कांग्रेस और आरजेडी ने मिलकर चुनाव लड़ा था। गठबंधन के तहत कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन महज 19 सीटों पर जीत मिली थी। इसके बाद कई मौकों पर आरजेडी नेताओं ने विधानसभा चुनाव में मिली हार का कांग्रेस के प्रदर्शन को वजह बताया था। 

Updated on:
14 Apr 2025 04:34 pm
Published on:
14 Apr 2025 04:34 pm