राष्ट्रीय

बिहार चुनाव: NDA में सीट बंटवारे की आज हो सकती है घोषणा, 13 को आ सकती है पहली लिस्ट

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। दोनों गठबंधन में बैठकों का दौर जारी है। संभावना है कि NDA में सीट शेयरिंग को लेकर आज घोषणा हो सकती है। वहीं, उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 13 अक्टूबर को आ सकती है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 12 Oct 2025, 6:29 AM IST
Bihar Election 2025
बिहार विधानसभा चुनाव (Photo-Patrika)

Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए (NDA) के सहयोगी दलों के बीच सीट समझौता लगभग तय हो चुका है। सूत्रों का कहना है कि रविवार को एनडीए के सभी सहयोगियों की ओर से प्रेस कांफ्रेंस कर सीट बंटवारे की घोषणा हो सकती है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) के आवास पर शनिवार को दिन भर बैठक चली। एनडीए सहयोगियों जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा से उनकी अलग-अलग भेंट हुई। इसके बाद बिहार भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी हुई। इसमें पहले चरण की सीटों के उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ। बताया जा रहा है कि बिहार की करीब 90-100 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा पूरी हो गई है। शनिवार को कोर कमेटी की बैठक के बाद अब आगे होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगेगी। सूत्रों का कहना है कि 13 अक्टूबर को भाजपा पहली सूची जारी कर सकती है।

100 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे ओवैसी

बिहार विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की ओर से तीसरे मोर्चे की पहल की जा रही है। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि पार्टी इस बार करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 20 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और सीमांचल की पांच सीटों पर जीत हासिल की थी।

पहले चरण की सीटों पर नामांकन 17 तक

बिहार में शुक्रवार से ही पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन शुरू हो गया है। 17 अक्टूबर तक उम्मीदवार पर्चा भर सकेंगे। राज्य में कुल 243 विधानसभा सीटों पर 6 और 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे जबकि 14 नवंबर को मतगणना होगी।

Updated on:
12 Oct 2025, 6:29 AM IST
Published on: