राष्ट्रीय

बिहार चुनाव: EVM खराब होने से देरी से शुरु हुई वोटिंग, कहीं 45 मिनट तो कहीं 4 घंटे तक इंतजार करते रहे लोग

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे। इस दौरान कई बूथों पर EVM खराब होने के कारण मतदान देर से शुरू हुआ और पप्पू यादव ने EVM में जानबूझकर गड़बड़ी का आरोप लगाया है।

2 min read
Nov 11, 2025
बिहार चुनाव (फोटो- एएनआई)

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में आज राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग की जा रही है। पहले फेज में जहां रिकॉर्ड वोटिंग ने सभी को चौंका दिया था वहीं दूसरे फेज में पहले चरण से भी ज्यादा मतदान हो रहा है। दूसरे चरण में सुबह 11 बजे तक 31.38% वोट डाले गए है जो कि पहले चरण से 1.24 प्रतिशत ज्यादा है। इसी बीच राज्य में कई जगहों पर EVM खराब होने के चलते देर से वोटिंग शुरु होने की खबरें भी सामने आ रही है।

5 जिलों के 6 बूथों पर EVM खराब

खबरों के अनुसार, किशनगंज समेत 5 जिलों के 6 बूथों पर EVM खराब होने के चलते मतदान शुरु होने में देरी हुई है। बांका के कटोरिया के बूथ -76 का EVM खराब होने के चलते डेढ़ घंटे देरी से तो किशनगंज के बूथ का 299 EVM खराब होने से 45 मिनट देरी से मतदान शुरु हुआ। इसके अलावा औरंगाबाद के ओबरा में दाउदनगर के बूथ में EVM और जुमई के चकाई विधान सभा के बूथ 301 में VVPAT मशीन में गड़बड़ी के चलते करीब 40 मिनट देरी से वोटिंग शुरु की गई।

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर लगाए आरोप

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर जानबूझ कर EVM खराब करने और इसके जरिए वोट चोरी करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही यादव ने कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठी चार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया। साथ ही यादव ने दावा किया कि इस बार मतदान कम हुआ है। उन्होंने कहा, SIR में 69 लाख वोट काटे गए, फिर मतदान कैसे बढ़ सकता है। मतदान कम हुआ है। एक बड़े बदलाव की तरफ बिहार है। बिहार की जनता बदलाव चाहती है। नई पीढ़ी नया सपना देख रही है

तीन घंटे तक लाइनों में बैठे रहे वोटर्स

जमुई के चकाई विधानसभा क्षेत्र के सोनो प्रखंड के ग्राम भलसुंभिया बूथ नंबर 145 पर EVM खराब होने के चलते वोटर्स तीन घंटे तक लाइनों में बैठे रहे। चुनावों के दौरान कई जगहों पर सरकार से नाराजगी के चलते लोगों ने वोट का बहिष्कार भी किया। बगहा में जहां पानी-सड़क- पूल की मांग को लेकर करीब 15 हजार वोटर्स ने मतदान नहीं किया। वहीं बांका में पंचायत भवन की मांग को लेकर लोगों द्वारा वोटों का बहिष्कार किया गया।

45,399 बूथों पर हो रही है वोटिंग

आज के मतदान में 12 मंत्रियों समेत 1302 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला होने जा रहा है। कुल 45,399 बूथों पर वोटिंग हो रही है, जहां शाम 6 बजे तक वोट डाल जाएंगे। हालांकि इनमें से 4,109 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां शाम 4-5 बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 14 तारीख को आएंगे जिसके बाद यह तय होगा की राज्य की सत्ता फिर से NDA के हाथों में जाएगी या फिर इस बार महागठबंधन की सरकार में तेस्जवी यादव राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

Published on:
11 Nov 2025 12:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर