
Jamui Viral Video Case: बिहार के जमुई में सामने आए छेड़छाड़ के मामले को लेकर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। इस दौरान सरकार की कार्रवाई का बचाव किया है। साथ ही घटना की रिपोर्टिंग करने के लिए मीडिया का आभार की जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया की रिपोर्टिंग से आरोपियों की पहचान करने में सरकार को मदद मिली है।
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जमुई की घटना बेहद घृणित है और इसमें शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की है। मामले में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और मुख्य आरोपी के साथ-साथ वीडियो बनाने, उसे शूट करने तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने में शामिल लोगों की भी पहचान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कठोर धाराओं के तहत सजा दिलाई जाएगी।
जब जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा जमुई मामले को 'छिटपुट घटना' बताए जाने को लेकर सवाल पूछा गया, तो विजय कुमार चौधरी ने कहा कि वह इस घटना को लेकर पहले ही अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने घटना की गंभीरता और सरकार की कार्रवाई के बारे में मीडिया को जानकारी दी है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा जमुई मामले को लेकर किए गए ट्वीट पर भी विजय कुमार चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी घटना के बाद सरकार की मंशा का आकलन इस बात से किया जाना चाहिए कि आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई कितनी तेजी से होती है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि जमुई मामले में सरकार की कार्रवाई सामने है। उन्होंने बताया कि मामले में कुछ और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है और सरकार की मंशा स्पष्ट है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान यादव के पैर में गोली लगी। मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) दीप्ति मोनाली कर रही हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।