राष्ट्रीय

स्वास्थ्य खर्च में बिहार सबसे पीछे, सिक्किम सबसे आगे; जानिए आपके राज्य का क्या है हाल

Government Health Expenditure: NHA की 2023-24 रिपोर्ट में सरकारी स्वास्थ्य खर्च के आंकड़े सामने आए हैं। बिहार सबसे पीछे और सिक्किम सबसे आगे, जानिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का हाल।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 10:24 AM IST
rajasthan government doctors legal action
Rajasthan Government Doctors Legal Action (Photo-AI)

Government Health Expenditure: देश में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार कितना पैसा खर्च कर रही है, इसे लेकर राज्यों के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। कहीं सरकार हर व्यक्ति के स्वास्थ्य पर सालाना एक हजार रुपए से थोड़ा ज्यादा खर्च कर रही है, तो कहीं यह रकम 16 हजार रुपए से भी अधिक है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य लेखा (NHA) के 2023-24 के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च सबसे कम 1,126 रुपए रहा। वहीं सिक्किम में यह खर्च 16,026 रुपए दर्ज किया गया। केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें तो चंडीगढ़ 24,187 रुपए के साथ सबसे आगे है।

देशभर में औसत खर्च कितना रहा

अगर पूरे देश की बात करें तो 2023-24 में सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं पर कुल 4.1 लाख करोड़ रुपए खर्च किए। आबादी के हिसाब से देखें तो हर व्यक्ति पर औसतन 2,959 रुपए खर्च हुए। यह रकम देश में स्वास्थ्य पर होने वाले कुल खर्च का 43.5 प्रतिशत है, जो देश की कुल जीडीपी का 1.43 प्रतिशत हिस्सा बनता है।

उत्तरी राज्यों की तस्वीर और बड़ा अंतर

रिपोर्ट के अनुसार, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड जैसे चार राज्यों में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च औसतन करीब 1,651 रुपए रहा। यह आंकड़ा पूर्वोत्तर राज्यों के 3,501 रुपए के औसत से आधे से भी कम है। वहीं केंद्र शासित प्रदेशों के 7,209 रुपए के औसत के मुकाबले यह लगभग एक चौथाई ही है। इन चार राज्यों के बीच भी बड़ा अंतर दिखता है-

  • बिहार: प्रति व्यक्ति 1,126 रुपए (देश में सबसे कम)
  • उत्तर प्रदेश: प्रति व्यक्ति 1,399 रुपए

दक्षिण भारत के राज्यों का हाल

दक्षिणी राज्यों में आबादी के हिसाब से प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च का औसत करीब 2,960 रुपए रहा, जो राष्ट्रीय औसत 2,959 रुपए के लगभग बराबर है। हालांकि, दक्षिण के राज्यों में भी खर्च एक जैसा नहीं है-

  • केरल: 3,396 रुपए प्रति व्यक्ति
  • आंध्र प्रदेश: 3,347 रुपए प्रति व्यक्ति
  • तेलंगाना: 3,125 रुपए प्रति व्यक्ति
  • तमिलनाडु: 2,860 रुपए प्रति व्यक्ति
  • कर्नाटक: 2,446 रुपए प्रति व्यक्ति

पूर्वोत्तर राज्यों में खर्च ज्यादा क्यों

पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में प्रति व्यक्ति औसतन 3,501 रुपए खर्च हुए। राज्यों के हिसाब से देखें तो सिक्किम 16,026 रुपए के साथ पूरे देश के राज्यों में सबसे आगे रहा। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों की स्थिती इस प्रकार हैं-

  • मिजोरम: 9,320 रुपए प्रति व्यक्ति
  • अरुणाचल प्रदेश: 8,885 रुपए प्रति व्यक्ति
  • मेघालय: 7,533 रुपए प्रति व्यक्ति
  • मणिपुर: 5,507 रुपए प्रति व्यक्ति
  • नागालैंड: 4,585 रुपए प्रति व्यक्ति
  • त्रिपुरा: 3,360 रुपए प्रति व्यक्ति
  • असम: 2,282 रुपए प्रति व्यक्ति

केंद्र शासित प्रदेशों का हाल

रिपोर्ट में शामिल सात केंद्र शासित प्रदेशों का जनसंख्या के हिसाब से औसत खर्च करीब 7,209 रुपए रहा। इनमें चंडीगढ़ 24,187 रुपए प्रति व्यक्ति खर्च के साथ सबसे आगे रहा। बाकी जगहों के आंकड़े कुछ इस तरह रहें-

  • पुडुचेरी: 11,165 रुपए प्रति व्यक्ति
  • लक्षद्वीप: 9,643 रुपए प्रति व्यक्ति
  • अंडमान और निकोबार द्वीप समूह: 8,947 रुपए प्रति व्यक्ति
  • दिल्ली: 8,611 रुपए प्रति व्यक्ति
  • जम्मू-कश्मीर: 3,339 रुपए प्रति व्यक्ति
  • दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव: 2,293 रुपए प्रति व्यक्ति

इस अंतर की वजह क्या है

स्वास्थ्य नीति विशेषज्ञ डॉ. चंद्रकांत लहरिया के अनुसार, प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च में यह अंतर राज्यों की आर्थिक क्षमता, आबादी के आकार, स्वास्थ्य ढांचे में पहले हुए निवेश और राजनीतिक प्राथमिकताओं को दिखाता है। कम संसाधन और ज्यादा आबादी वाले राज्यों पर दबाव ज्यादा रहता है। दूसरी ओर, पूर्वोत्तर जैसे इलाकों में पहाड़ी व कठिन भौगोलिक स्थिति और बिखरी आबादी के चलते सेवाएं पहुंचाने की लागत बढ़ जाती है। डॉ. लहरिया ने यह भी कहा कि पूंजी निवेश और बुनियादी ढांचे जैसे कई खर्च तय होते हैं, जो कम लोगों के इस्तेमाल करने पर भी अपेक्षाकृत ज्यादा बने रहते हैं।

Updated on:
19 Nov 2026, 10:24 AM IST
Published on: