राष्ट्रीय

Bihar MLC Election: जन सुराज ने की चुनाव तारीख बदलने की मांग, कहा- त्योहार के तुरंत बाद वोटिंग से घट सकता है टर्नआउट

MLC Election Date Change: बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव की तारीख बदलने की मांग जन सुराज पार्टी ने की है। पार्टी नेता उबैदुर रहमान ने कहा कि दुर्गा पूजा 20 अक्टूबर को खत्म हो रही है और इसके तुरंत बाद मतदान होने से कई मतदाताओं को परेशानी हो सकती है। उन्होंने वर्किंग डे के बजाय रविवार को चुनाव कराने की मांग की।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Bihar MLC Election
प्रशांत किशोर के साथ जन सुराज के MLC उम्मीदवार व अन्य (फोटो- Obaidur Rahman FB)

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 23 तारीख को प्रस्तावित मतदान की तारीख में बदलाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने चुनाव आयोग का रुख किया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को एक याचिका सौंपी, जिसमें अनुरोध किया गया कि वोटिंग की तारीख को आगे बढ़ाया जाए और इसे रविवार को कराया जाए। जन सुराज नेता नेता उबैदुर रहमान का कहना है कि दुर्गा पूजा के ठीक दो दिन बाद चुनाव कराने से बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएंगे, जिससे वोटिंग प्रतिशत पर असर पड़ेगा।

दुर्गा पूजा के तुरंत बाद वोटिंग, लौटने का समय नहीं मिलेगा - उबैदुर रहमान

जन सुराज पार्टी के नेता उबैदुर रहमान ने कहा कि यह याचिका पार्टी के मुख्यालय समन्वयक और पूर्व आईएएस अधिकारी मंडल जी के निर्देश पर आयोग को सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटिंग 23 तारीख को निर्धारित है। 20 तारीख को दुर्गा पूजा खत्म हो रही है। चुनाव त्योहार के तीसरे दिन यानी 21 और 22 तारीख के ठीक बाद करा दिया जाएगा। इस वजह से त्योहार के लिए घर जाने वाले कई मतदाता समय पर पटना या अपने संबंधित मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंच पाएंगे। मतदाताओं को वापस आने और अपना वोट डालने के लिए पर्याप्त समय मिलना जरूरी है।

कार्यदिवस पर वोटिंग से मतदाताओं को होगी परेशानी : उबैदुर रहमान

उबैदुर रहमान ने कार्यदिवस पर वोटिंग निर्धारित किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि ऐसे चुनाव आमतौर पर रविवार को होते हैं ताकि मतदाताओं को छुट्टी मिल सके। जिस दिन वोटिंग रखी गई है, वह एक सामान्य कार्यदिवस है। ऐसे में जो शिक्षक स्कूलों में पढ़ा रहे हैं या विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले युवा स्नातक अपने जरूरी काम छोड़कर वोट देने कैसे आ सकते हैं? यदि चुनाव सप्ताह के किसी कार्यदिवस पर हुआ, तो वोटिंग प्रतिशत में भारी गिरावट देखी जा सकती है।

रविवार को वोटिंग कराने का सुझाव

चुनाव आयोग को सुझाव देते हुए उबैदुर रहमान ने कहा कि बिहार में इन सीटों के लिए वर्तमान कार्यकाल 16 नवंबर तक है, जिसका अर्थ है कि आयोग के पास पर्याप्त समय उपलब्ध है। उबैदुर रहमान ने सुझाव दिया कि आयोग 16 नवंबर की समय-सीमा से पहले किसी भी रविवार को चुनाव करवा सकता है। इससे मतदाता छुट्टी का फायदा उठा सकेंगे और बिना किसी रुकावट के लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग ले सकेंगे।

23 अक्टूबर को वोटिंग और 27 को रिजल्ट

भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जिसके तहत 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

Updated on:
30 Sept 2026 08:21 pm
Published on:
30 Sept 2026 08:20 pm