
Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के लिए चुनावी मुकाबला अब प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। पार्टी से अलग रुख अपनाते हुए जदयू विधायक अनंत कुमार सिंह ने खुलकर जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि यह टकराव जदयू का नहीं, बल्कि उनके और नीरज कुमार के बीच की निजी लड़ाई है। अपने बेबाक अंदाज में जीत का दावा करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने जीवन में कभी कोई चुनाव नहीं हारा है और इस बार भी जीतेंगे।
चुनाव प्रचार और नॉमिनेशन प्रक्रिया को लेकर अनंत सिंह ने कहा, "हम पहले जनता का आशीर्वाद लेने नवादा जा रहे थे। लेकिन पंडित जी ने 1 तारीख को नॉमिनेशन की तारीख तय कर दी है। इसलिए अब नामांकन की तैयारी करेंगे और 1 अक्टूबर को पर्चा दाखिल कराने के बाद क्षेत्र में घूमने निकलेंगे। पहले यहीं रहकर सब व्यवस्था देखेंगे।" जब पत्रकारों ने नामांकन के दिन जुटने वाली भीड़ को लेकर सवाल किया, तो अनंत सिंह ने कहा कि नॉमिनेशन की तैयारी एकदम गर्दा है। कितना आदमी आएगा इसका कोई अंदाजा नहीं है, पूरा पटना भर जाएगा।
अनंत सिंह ने जीत का दावा करते हुए कहा, "जीत हमारी ही होगी। आज तक हम कभी हारे ही नहीं हैं तो जीत काहे नहीं होगी? जनता हमारी मालिक है, भगवान है। कोई भी प्रत्याशी जनता के वोट से ही जीतता है। ऐसा तो नहीं है कि पेड़-पौधे वोट डालेंगे, वोट तो जनता देगी और जनता हमारी मालिक है, वो हमें वोट देगी। बाकी प्रत्याशी चाहे जो बड़ा-बड़ा दावा कर लें, चुनाव में सब जीतने की बात करते हैं, लेकिन जीत का रिकॉर्ड हमारा रहा है।" उन्होंने कहा कि वे वोट मांगने के लिए अपने चुनाव क्षेत्र में घर-घर जाएंगे।
जब उनसे जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के विरोध और पार्टी द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना के बारे में पूछा गया, तो अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। जदयू के अंदर कोई समस्या नहीं है। विवाद पूरी तरह से हम दोनों (अनंत सिंह और नीरज कुमार) के बीच है, पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
अनंत सिंह ने आगे कहा, "जब नीरज कुमार मुझ पर और ललन सिंह पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे थे, तब पार्टी ने उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की? क्या आप किसी ऐसे व्यक्ति का समर्थन करेंगे जो आपका विरोध करता हो? पार्टी दफ्तर में जब बात करने के लिए बुलाया गया था, तब भी मैंने यही कहा था कि पहले इनसे पूछिए कि इन्होंने हमारे साथ क्या किया है, तब वे कोई जवाब नहीं दे पाए।"
अनंत सिंह ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव द्वारा डॉ. अनुज सिंह पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि इन बेबुनियाद दावों का पहले ही खंडन किया जा चुका है। वहीं, मंदिर में शपथ लेने के सुझाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "हम तो हमेशा कहते हैं कि बजरंग बली के मंदिर आइए। अगर वे एक भी बात सच बोलते हैं तो चलें मंदिर, और हम सच बोलते हैं तो हम भी चलेंगे। सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।"