
Bihar MLC Election Results: बिहार की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह की हार के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने हार को स्वीकार करते हुए कहा जनता का फैसला सर्वोपरि है। विधायक सिंह ने कहा कि जिन उम्मीदवारों को जनता का वोट मिला, वे जीत गए और जिन्हें वोट नहीं मिला, उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अनंत सिंह ने कहा कि अब नतीजों पर चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है।
बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था। जबकि जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध किया था। इस वजह से पार्टी ने उन्हें और उनकी पत्नी को 6 साल के लिए निष्कासित भी कर दिया है। दरअसल, इस सीट से जेडीयू प्रत्याशी नीरज सिंह की जीत हुई है।
जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी की हार के बाद विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वोटों की गिनती खत्म हो गई है और हम हार गए हैं। अब इस पर क्या चर्चा करें? क्या हम दुकान से वोट खरीदकर लाते? क्या वोटों को तौलकर लाते? जनता ही मालिक है और भगवान भी जनता के साथ हैं। जिसे जनता का वोट मिला, वह जीत गया और जिसे नहीं मिला, वह हार गया। वे जीत गए और हम हार गए। अब और क्या कहना है?'
इस दौरान उन्होंने पार्टी से नाराजगी की बात से इनकार किया है। वहीं, चुनाव में जीत हासिल करने वाले नीतीश कुमार की पार्टी के नेता नीरज कुमार को बधाई देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उन्हें बधाई क्यों दें? उन्होंने आगे कहा कि अब देखेंगे कि नीरज कुमार फोन करते हैं या नहीं।
इस दौरान उन्होंने दुलारचंद हत्याकांड का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि MLC चुनाव में नीरज सिंह का विरोध क्यों किया? अनंत सिंह ने कहा कि इस चुनाव में वह राजनीतिक रणनीति के तहत नहीं उतरे थे, बल्कि उनके अंदर गुस्सा भरा था।
अनंत सिंह ने दुलारचंद हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। इस मामले में उन्हें जानकारी मिली कि इसे सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने में नीरज कुमार की बेटी की भूमिका है, जो वकील भी है, तो उन्हें गुस्सा आया। इसी कारण से उन्होंने एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार का विरोध करने का फैसला लिया।