
नई दिल्ली। Bihar Weather Forecast Today. मानसून के कमजोर पड़ने के बाद से बिहार के लोग गर्मी और उमस से खासा परेशान हैं। बीते कई दिनों से राज्य में हल्की बारिश के बाद तेज धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं अब अगले दो दिनों तक बिहार में लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में अलगे दो दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। विभाग ने यह भी साफ कर दिया कि राज्य में गुलाब चक्रवात का कोई असर देखने को नहीं मिलेगा।
राज्य में गुलाब तूफान का असर नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में अगले 48 घंटे तक कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं। कई जिलों में एक या दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और मेघगर्जन की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में यह बदलाव स्थानीय कारणों से हुआ है। गुलाब तूफान का राज्य में कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि कल विभाग ने गुलाब चक्रवात का असर राज्य में दिखने की बात कही थी।
कल बिहार में मौसम का हाल
अगर बीते दिन राज्य में मौसम की बात करें तो बिहार की राजधानी पटना में 0.8 मिलीमीटर की बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही शेखपुरा में 36.6 मिमी, बोधगया में 20 मिली, जमुई में19.8 मिली और औरंगाबाद में 12.4 मिली की बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही राजधानी पटना कल सबसे अधिक गर्म रही, पटना का तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही खगडिय़ा में 41.2 गया में 33.4 और भागलपुर में तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में हो रही बारिश के किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। बारिश के चलते उन्हें फसलों की सिचाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ रहा है। इसके साथ ही पैदावार में भी इजाफा होगा। वहीं राज्य के कई इलाके अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है।