BJP Organizational Changes: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा में संगठन की कमान अब नए नेताओं हाथों में होगी। पूरी सूची यहां देखें।
BJP New State Presidents: भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांगठनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए चार प्रमुख राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को बदल दिया है। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जिन राज्यों के अध्यक्ष बदले गए हैं, उनमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा शामिल हैं। इसके तहत हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली, डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा, अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा और सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
ये भी पढ़ें
केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। अब उन्हें दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी दी गई है। वर्ष 2012 में राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले मल्होत्रा वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे। वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली में पार्टी को 2025 के विधानसभा चुनाव में जीत मिली थी। हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। 2024 के आम चुनावों में पूर्वी दिल्ली से 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। उन्हें पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की जगह ली थी।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हरियाणा संगठन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने मोहन लाल बडाैली की जगह अर्चना गुप्ता को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी हाईकमान के इस फैसले को आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। यह फैसला तत्काल लागू कर दिया गया है। राजनीतिक मामलों के जानकार इस बदलाव को हरियाणा में भाजपा की नई रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं, विशेषकर जब पार्टी आगामी चुनावों और संगठनात्मक विस्तार की तैयारी में जुटी हुई है।
पंजाब में भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बरनाला के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लो को यह जिम्मेदारी दी है। उनका नाम सामने आने के बाद बीजेपी में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उन पर पार्टी को नए सिरे से मजबूत करने और ग्रामीणों क्षेत्रों में स्थिति बेहतर करने की जिम्मेदारी है।
पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी बीजेपी ने युवा अभिषेक देबरॉय को दी है। उन्हें राजीव भट्टाचार्य की जगह पर नियुक्त किया गया है। अभिषेक देबरॉय गोमती जिले के माताबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक हैं। 2023 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराकर विधानसभा में कदम रखा था। वे युवाओं और कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं।