पटना में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने आए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी का मामला सड़क पर संग्राम का रूप ले चुका है। पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि इसका करारा जवाब दिया जाएगा। यह सब सरकार की संलिप्तता से हो रहा है। नीतीश कुमार जो काम करवा रहे हैं वह पूरी तरह गलत है।
बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं को चेतावनी देता हूं। आपने मां का अपमान किया है, एक-एक बिहार बेटा आपको इसका जवाब देगा। आपने प्रधानमंत्री का अपमान किया है, एक-एक भाजपा कार्यकर्ता इसका बदला लेगा। हम प्रदर्शन करने आए थे। शांतिपूर्ण प्रदर्शन था लेकिन कांग्रेस कार्यालय के अंदर से ईंट और पत्थर चालए जा रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता बंदूक और ईंट से नहीं डरते। हम मां के अपमान का बदला लेकर रहेंगे।"
बिहार मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि ये कांग्रेस की गुंडागर्दी है। हम लोग तो शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे, लेकिन ये लोग 2005 का जो गुंडागर्दी वाला बिहार था। आज उसी बिहार को लाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। 2005 का बिहार बनाना चाहते हैं, लेकिन ये NDA का बिहार है। बिहार को लोग देख रहे हैं। वह वोट की चोट से इसका बदला लेंगे। वहीं, बिहार पुलिस हालात को काबू करने में जुटी हुई है।