
Vande Mataram Controversy : चेन्नई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केशवन ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हिंदू धर्म के प्रति दुर्भावना रखने का आरोप लगाते हुए कहा नेहरू से लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी तक, कांग्रेस का इतिहास राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के अपमान से भरा रहा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अपील की है कि वे वरिष्ठ नेता होने के नाते सोनिया गांधी को देश से तुरंत माफी मांगने की सलाह दें।
भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने कहा कि वर्ष 1937 में जब नेहरू कांग्रेस के अध्यक्ष थे, तब हिंदू धर्म के प्रति उनकी खुली नफरत जगजाहिर थी। सांप्रदायिक तुष्टिकरण से प्रेरित होकर उस समय की कांग्रेस ने मूल 'वंदे मातरम्' के साथ घोर अपराध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू की कांग्रेस ने जानबूझकर उन छंदों को हटा दिया था जिनमें हिंदू देवियों की स्तुति की गई थी।
केशवन ने कहा कि आज राहुल गांधी की कांग्रेस भी उसी राह पर चल रही है। कांग्रेस के नेता पूरे वंदे मातरम् को गाने से सिर्फ इसलिए इनकार करते हैं क्योंकि उन्हें हिंदू आस्था से परहेज है। सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में जब मूल वंदे मातरम् के गायन का प्रयास किया गया था, तो सोनिया गांधी ने घबराकर उसे रुकवाने की कोशिश की थी।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कहा कि खरगे को एक वरिष्ठ नेता और पार्टी अध्यक्ष होने के नाते सोनिया गांधी को सलाह देनी चाहिए कि राष्ट्रगीत के इस अपमान के लिए वे तुरंत देश की जनता से माफी मांगें। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की जनता अब तुष्टिकरण की राजनीति और राष्ट्रगीत के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी।