राष्ट्रीय

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त पर BJP का पहला बयान, विजय सिन्हा बोले- हम EVM पर ठीकरा नहीं फोड़ते, जनादेश सर्वोपरि

BJP on Bankipur bypoll result: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बढ़त पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा जनता के जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी परिणामों की समीक्षा करेगी और चुनाव आयोग या EVM पर सवाल नहीं उठाएगी।
2 min read
Aug 03, 2026
bankipur bypoll, bihar bjp leader vijay sinha
विजय सिन्हा (फोटो- X@VijayKrSinhaBih)

Bankipur bypoll result:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की वोटों की गिनती के दौरान जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर (PK) द्वारा बनाई गई निर्णायक और बड़ी बढ़त के बाद भाजपा का पहला बयान सामने आया है। भाजपा के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के लगातार पिछड़ने के बाद वरिष्ठ BJP नेता और मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है। BJP हमेशा जनादेश का सम्मान करती है और हार की स्थिति में संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाती है।

विपक्ष के उलट, हम चुनाव आयोग या EVM को दोष नहीं देते - विजय सिन्हा

बांकीपुर के रुझानों में मिली बड़ी बढ़त पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की धरती है और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा जनता के जनादेश का सम्मान के साथ स्वीकार किया है। विपक्ष के विपरीत, हम अपनी हार के लिए कभी भी चुनाव आयोग या EVM को दोष नहीं देते। BJP का लोकतंत्र में अटूट विश्वास है। हम संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं और जनता के फैसले को खुशी-खुशी स्वीकार करते हैं।

हार की होगी गहन समीक्षा - विजय सिन्हा

जब पत्रकारों ने पूछा कि दशकों से BJP का गढ़ रही बांकीपुर सीट पर पार्टी से कहां चूक हुई, तो विजय सिन्हा ने कहा कि नतीजों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। BJP के ट्रैक रिकॉर्ड का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव नतीजों की गहराई से समीक्षा करेगी। लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि बिहार की यही धरती है जहां अभी छह महीना भी नहीं बीता है और हमने 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई थी।

भाजपा के गढ़ में प्रशांत किशोर की सेंध

गौरतलब है कि BJP नेता नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई थी। पूर्व मंत्री नवीन किशोर सिन्हा और उनके बेटे नितिन नवीन के कार्यकाल के दौरान यह सीट साल 1995 से BJP का अभेद्य गढ़ रही है। हालांकि, इस उपचुनाव में अपना चुनावी डेब्यू कर रहे प्रशांत किशोर ने पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी।

प्रशांत किशोर की निर्णायक बढ़त

वोटों की गिनती के 26वें राउंड के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने 15,000 से ज्यादा वोटों की भारी और निर्णायक बढ़त बना ली है, जिससे उनकी जीत लगभग पक्की हो गई है। 26वें राउंड के आखिर तक प्रशांत किशोर को कुल 53,566 वोट मिले, जिससे वे अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार (37,702 वोट) से 15,864 वोट आगे हो गए। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 11,933 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर काफी पीछे रह गई हैं।

Updated on:
03 Aug 2026 05:07 pm
Published on:
03 Aug 2026 04:40 pm