राष्ट्रीय

बीजेपी ने राहुल गांधी को बताया ‘मीर जाफर’, विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अशांति फैलाने का आरोप

Gaurav Bhatia: बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अराजकता फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने फ्रांस के संगठन 'इंडियन अलायंस पेरिस' को राहुल गांधी का मददगार बताया है।
2 min read
• •
Updated: 22 Oct 2026, 3:11 PM IST
Gaurav Bhatia, Rahul Gandhi,
Rahul Gandhi and Gaurav Bhatia (Photo-IANS)

Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर देशद्रोह जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राहुल गांधी को देश का गद्दार और मीर जाफर तक कह दिया। भाटिया ने एक प्रतिष्ठित अखबार में छपी एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि कैसे विश्वासघात के ये तार विदेशी एजेंसियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने राहुल गांधी के लिए कहा कि वे विदेशी एजेंसियों के साथ मिलकर देश में लोकतांत्रिक सरकारों को गिराने और अराजकता फैलाने का एक खतरनाक खेल खेल रहे हैं।

फॉक्स न्यूज डिजिटल की रिपोर्ट का हवाला

गौरव भाटिया ने अमेरिकी न्यूज चैनल फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस समेत 9 देशों में लगभग 101 संगठन मिलकर एक 'रेड-ग्रीन इकोसिस्टम' चला रहे हैं। ये संगठन अलग-अलग देशों में प्रदर्शनों के आयोजन, उनके बीच तालमेल बनाने या उन्हें बढ़ावा देने में भूमिका निभा रहे हैं।

गौरव ने आरोप लगाया कि इन संगठनों का मुख्य उद्देश्य दुनिया के अलग-अलग देशों में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारों यानी जनता द्वारा चुनी गई संवैधानिक सरकारों को उखाड़ फेंकने की कोशिश करना है। इस रेड-ग्रीन इकोसिस्टम में 'रेड' का मतलब कम्युनिस्ट समूहों से और 'ग्रीन' का मतलब इस्लामी समूहों से है।

फ्रांस के संगठन 'इंडियन अलायंस पेरिस' पर निशाना

गौरव भाटिया ने आगे कहा कि फ्रांस की एक संस्था 'इंडियन अलायंस पेरिस' (IAP) इस पूरे खेल में राहुल गांधी की मदद कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 6 अक्टूबर 2026 को यह संगठन राहुल गांधी का मुख्य मददगार बनकर सामने आया। जब राहुल गांधी देश में विरोध प्रदर्शन के दौरान कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिए जाते हैं, तो सोशल मीडिया पर सबसे पहले वीडियो शेयर करने वाला संगठन यही 'इंडियन अलायंस पेरिस' होता है, जो भारत के अंदरूनी मामलों में दखल दे रहा है।

'राहुल गांधी एक अपरिपक्व नेता'

आगे उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि आज देश का नेता प्रतिपक्ष गैर-जिम्मेदार और अपरिपक्व है। विरोध प्रदर्शन केवल एक बहाना है, असली मकसद देश में अराजकता और अव्यवस्था फैलाना है। बीजेपी ने स्पष्ट कहा है कि देश की जनता और संवैधानिक व्यवस्था को अस्थिर करने वाले ऐसे किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Updated on:
22 Oct 2026, 3:11 PM IST
Published on: