
TMC Rebellion : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सियासी बदहाली और पार्टी में बगावत पर सियासत गर्मा गई है। अब भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को टीएमसी सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफे पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कई नेता असंतोष के कारण पार्टी छोड़ रहे हैं। हुसैन ने ANI से बात करते हुए कहा कि 'समझदार लोग' टीएमसी से इस्तीफा दे रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि अब उनके लिए वहां रहना सही नहीं है। उन्होंने कहा, 'टीएमसी में इस्तीफे दिए जा रहे हैं और सांसद यह पार्टी छोड़ रहे हैं। क्यों कि उन्हें लगता है कि टीएमसी में रहना अब उनके लिए सही नहीं है, इसलिए समझदार लोग इस्तीफा दे रहे हैं।'
तृणमूल कांग्रेस के अंदर चल रही उथल-पुथल के बीच पूर्व टीएमसी सांसद प्रकाश चिक प्रकाश चिक बड़ाईक ने राज्यसभा सदस्य के रूप में इस्तीफा देने के बाद गुरुवार को कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल की 'जनता की राय को स्वीकार कर लिया है' और उसके बाद ही उच्च सदन से इस्तीफा देने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह में यह तीसरा ऐसा इस्तीफा है। इससे पहले 10 जून को तृणमूल कांग्रेस की सांसद सुष्मिता देव ने संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया था। वहीं 8 जून को राज्यसभा सांसद सुखेन्दु शेखर राय ने संसद के उच्च सदन और टीएमसी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
बड़ाईक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, पश्चिम बंगाल की जनता की की राय का सम्मान करते हुए, मैंने भी आज अपना इस्तीफा सौंप दिया है।' तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के एनडीए में शामिल होने की अटकलों के बीच, प्रकाश चिक बड़ाईक भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर पहुंचे।
उन्होंने कहा, 'राजनीति में भविष्य में क्या होगा, इसके लिए कृपया प्रतीक्षा करें। समय आने पर सब कुछ साफ हो जाएगा। मैं बहुत बूढ़ा नहीं हूं। आने वाले दिनों में मैं राजनीति में क्या करूँगा, यह तो वक्त ही बताएगा। कृपया प्रतीक्षा करें, और मैं इसका उत्तर दूंगा।'
उन्होंने साफ किया कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ उनकी कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है और वे अपनी भविष्य की राजनीतिक गतिविधियों के संबंध में सही समय का इंतजार करेंगे। अपने इस्तीफे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, पश्चिम बंगाल में जनादेश भाजपा के पक्ष में था, और पार्टी ने तभी वहां सरकार बनाई। ( इनपुट : ANI)