राष्ट्रीय

BJP National President: कल पीएम मोदी करेंगे मीटिंग, जल्द मिलेगा BJP को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष; यह नाम दौड़ में सबसे आगे

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नियमित रूप से हर 3 वर्ष में होता है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2025, 8:51 PM IST
BJP National President Election
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए तैयारी तेज

BJP National President: बिहार विधानसभा चुनाव के समाप्त होने के बाद एक बार फिर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम को लेकर कयासबाजी शुरू हो चुकी है। दरअसल, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का 2023 में कार्यकाल समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 और कुछ विधानसभा चुनाव के चलते उनका कार्यकाल बढ़ता गया। वहीं, पार्टी जल्द ही अपने नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। रविवार को बीजेपी की एक बड़ी बैठक होने वाली है, जिसमें तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस बैठक में पीएम मोदी भी शामिल हो सकते हैं। 

संगठनात्मक परिवर्तनों पर किया जा सकता है विचार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक परिवर्तनों पर भी विचार किया जा सकता है। इसके अलावा यूपी और हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनावों पर भी निर्णय लिया जा सकता है। वहीं बिहार के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को नीतीश कैबिनेट में जगह मिलने के बाद नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा भी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि बिहार को भी नया अध्यक्ष मिल सकता है।

यह नाम है सबसे आगे

बता दें कि बीजेपी के नए अध्यक्ष के लिए धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, शिवराज सिंह चौहान, सुनील बंसल और मनोहर लाल खट्टर के नाम पर चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि इन नामों में से धर्मेंद्र प्रधान का नाम सबसे आगे चल रहा है क्योंकि धर्मेंद्र प्रधान का आरएसएस और संगठनात्मक मशीनरी से मजबूत जुड़ाव है। यूपी में विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी की जीत की रणनीति में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है। 

हर तीन साल में होता है चुनाव

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नियमित रूप से हर 3 वर्ष में होता है। वर्तमान में, अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल मूल रूप से 2020 में शुरू हुआ था, जो 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से एक्सटेंशन दिया गया। 

इसके अलावा पार्टी के संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी शुरू हो सकता है जब 37 में से कम से कम 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव हो चुका है।