राष्ट्रीय

BJP: नई पीढ़ी के नेताओं को बीजेपी में मिल रहा मौका, राज्यसभा चुनाव के लिए नए नेताओं को पर्यवेक्षक बनाकर दिया संदेश

10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार, हरियाणा और ओडिशा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
2 min read
Mar 10, 2026
BJP new generation
BJP New Generation Leaders

45 वर्षीय नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा में पीढ़ी परिवर्तन की कवायद तेज हो गई है। बिहार, हरियाणा और ओडिशा में खाली हुई राज्यसभा सीटों के चुनाव के लिए जारी पर्यवेक्षकों के नाम से इसके संकेत साफ मिलते हैं। नई पीढ़ी के नेताओं को पार्टी ने मोर्चे पर लगाया है। इसमें गुजरात के डिप्टी सीएम 41 वर्षीय हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री 52 वर्षीय विजय शर्मा जैसे युवा चेहरे शामिल हैं।

37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है

10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार, हरियाणा और ओडिशा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। बिहार के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को पर्यवेक्षक बनाया गया है, वहीं हरियाणा में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को जिम्मेदारी मिली है। इसी तरह ओडिशा में महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को मोर्चे पर लगाया गया है। बिहार के लिए दूसरे पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा भी भाजपा के उन नए चेहरों में शुमार हैं, जिन्हें पार्टी लगातार आगे बढ़ा रही है। 2024 में पार्टी ने उन्हें पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़ाया और फिर जीतने पर केंद्र में मंत्री भी बनाया। ओडिशा के पर्यवेक्षक चंद्रशेखर बावनकुले को भी लगातार नई जिम्मेदारियां देकर पार्टी में कद बढ़ाया जा रहा है। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री बनने के पहले चंद्रशेखर राज्य के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।

BJP: बिहार से दो बड़े चेहरों की तैयारी


राज्यसभा की खाली सीटों पर नामांकन वापसी का सोमवार को आखिरी दिन रहा। बिहार और ओडिशा में पांच- पांच सीटों पर चुनाव होना है। बिहार से दो बड़े चेहरे राज्यसभा जाने के लिए तैयार हैं। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम शामिल है। हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है।

Updated on:
10 Mar 2026 02:29 am
Published on:
10 Mar 2026 02:29 am