राष्ट्रीय

‘नितिन नवीन ही नहीं, इन दिग्गजों को भी उतारा BJP ने मैदान में,’ मोदी सरकार ने अपनाई यह रणनीति

Bengaluru Municipal Corporation Elections: भाजपा ने नए युवा अध्यक्ष नितिन नवीन को पार्टी की कमान सौंप दी है। दावा किया जा रहा है कि भाजपा नवीन के नेतृत्व में अब एक-एक चुनाव को गंभीरता से लड़ने की प्लानिंग कर रही है। खासतौर पर यह रणनीति कांग्रेस शासित राज्यों में ज्यादा मजबूती से अपनाई जाएगी।

2 min read
Jan 23, 2026
BBMP Elections 2026
ग्रेटर बेंगलुरु नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा (Photo-X)

Nitin Naveen BJP President: भाजपा ने हालिया नगर निगम चुनावों में चुनाव प्रभारी के रूप में दिग्गज नेताओं को कमान सौंप कर नई रणनीति अपनाई है। इसी रणनीति के तहत ग्रेटर बेंगलुरू नगर निगम चुनाव के लिए प्रभारी के तौर पर पूर्व महासचिव राम माधव को तैनात किया गया है।

राम माधव ने 2024 में जम्मू कश्मीर में प्रभारी के रूप में BJP को अच्छी सफलता दिलाई थी। सहप्रभारी सतीश पूनिया राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हैं। माना जाता है कि हरियाणा चुनाव प्रभारी के रूप में भाजपा को हरियाणा में जीत दिलाने में पूनिया की अहम भूमिका रही थी।

इस सफलता के बाद, हरियाणा के फार्मूला को विनिंग मॉडल के रूप में लगातार दोहराया जा रहा है। साथ ही, दूसरे सहप्रभारी महाराष्ट्र के बोरीवली में एक लाख से बड़ी जीत वाले संजय उपाध्याय हैं।

ब्रूहत बेंगलुरु महानगर पालिके: मिनी विधानसभा चुनाव

भाजपा बेंगलुरु की राजनीति में मजबूती से आगे बढ़ रही है। वहां भाजपा 28 विधानसभा सीटों में से 16 सीटों पर काबिज है। साथ ही, भाजपा बेंगलुरु की चार लोकसभा सीटों पर भी काबिज है। ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी बनाने के बाद अब ब्रूहत बेंगलुरु महानगर पालिके (BBMP) 5 निगमों का एक समूह है। इस समूह में 369 निगम वार्ड हैं, जिनमें 120 से ज्यादा गांव-कस्बे और 90 लाख वोटर हैं। ऐसे में BBMP चुनाव को 'मिनी विधानसभा चुनाव' माना जा रहा है।

नरैटिव बनाने में 'BBMP' की भूमिका

कांग्रेस BBMP चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल बना रही है और इस चुनाव को बैलेट पेपर से करवाने का निर्णय किया है। बीजेपी बड़ी जीत से EVM से छेड़छाड़ के आरोपों को भी खारिज करना चाहती है। साथ ही, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नरैटिव खड़ा करने के लिए BBMP चुनावों को भाजपा महत्वपूर्ण मान रही है।

तेलंगाना प्रभारी नियुक्त

तेलंगाना में आगामी चुनावों के चलते महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। शेलार को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव का अच्छा अनुभव है। साथ ही, सहप्रभारी के रूप में राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व जयपुर के पूर्व मेयर अशोक परनामी को नियुक्त किया गया है, जो शहरी चुनाव के माहिर माने जाते हैं। इसके अतिरिक्त, दूसरी सहप्रभारी सांसद रेखा शर्मा तेलंगाना चुनाव में महिलाओं को जोड़ने के लिए काम करेंगी।

कांग्रेस और BRS की लड़ाई, भाजपा के लिए अवसर

तेलंगाना में भी भाजपा नई रणनीति के साथ आगामी चुनावों को देखते हुए आगे बढ़ रही है। तेलंगाना में भाजपा 116 निकायों के चुनाव को रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को चुनौती देने के लिए अवसर मान रही है। भाजपा को उम्मीद है कि भारत राष्ट्र समिति (BRS, पूर्व में TRS) और कांग्रेस के बीच चल रही लड़ाई के दौरान तेलंगाना के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जमीन तैयार की जा सकती है।

Published on:
23 Jan 2026 03:30 pm