22 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Monsoon In India: 17 राज्यों में बदलेगा मौसम, 48 घंटे में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 23 जून से दौड़ेगा मानसून

Monsoon Kab Aayega: मौसम विभाग ने 17 राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान आंधी, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर, पहाड़ी राज्यों, दिल्ली और राजस्थान में बारिश, बिजली गिरने, भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Anurag Animesh

Jun 22, 2026

Monsoon

भारत में मानसून(AI फोटो-चैटजीपीटी)

Monsoon: दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए देशभर में मौसम की परिस्थितियां तेजी से अनुकूल बन रही हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान देश के 17 राज्यों में तूफानी आंधी, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने खासतौर पर पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए 22 जून को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। इन क्षेत्रों में लगातार तेज बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की स्थिति बन सकती है, जबकि निचले और नदी किनारे के इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा होने की संभावना है।

दिल्ली और उसके आसपास कैसा रहेगा मौसम?


उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार को गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि दोपहर या शाम के समय 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है, लेकिन साथ ही दृश्यता प्रभावित होने और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका भी बनी रहेगी।

राजस्थान का क्या हाल?


राजस्थान में भी अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान की मध्यम से गंभीर गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। सोमवार को कई जिलों में तेज धूलभरी आंधी चलने, बिजली कड़कने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी


वहीं जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 22 जून से 27 जून तक लगातार छिटपुट से भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इन पर्वतीय राज्यों में बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बढ़ सकता है।

बाकी राज्यों का क्या है हाल?


इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा भी लगातार आगे बढ़ रही है। फिलहाल मानसून महाराष्ट्र के हरनाई और सोलापुर से होते हुए तेलंगाना के हैदराबाद, फिर छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा के पास भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, झारखंड के रांची, बिहार के जमुई और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जून से मानसून आगे और तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में देश के कई और हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।