
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही, फोटो सोर्स- ANI
Arunachal Pradesh landslide news: अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार शाम को हुई भारी बारिश के कारण दो अलग-अलग हादसों में 5 भारतीय सैन्य कर्मी लापता हो गए हैं, जबकि भूस्खलन (Landslide) की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई।
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ईटानगर स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी कि दिबांग घाटी में अचानक आई बाढ़ के कारण सेना के दो बंकर/आश्रय बह गए। वहीं, ऊपरी सुबानसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में 4 मजदूरों की जान चली गई। दोनों स्थानों पर सेना, ITBP, SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
दिबांग घाटी जिले में शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में '5थ ग्रेनेडियर' (5th Grenadier) के पासू पानी आर्मी कैंप के 2 Shelters (आश्रय स्थल) बह गए। बाढ़ के तेज बहाव में सेना के कुल 7 जवान बह गए थे, जिनमें से 2 जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 5 जवान अभी भी लापता हैं। वहीं, लापता सैन्य कर्मियों की पहचान हवलदार उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंदा के रूप में हुई है। '5थ ग्रेनेडियर' की दो खोज और बचाव टीमों के अलावा ITBP (58वीं बटालियन), GREF (62 RCC), स्थानीय स्वयंसेवकों और अरुणाचल प्रदेश पुलिस की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। पासीघाट से SDRF की टीम भी अणिनी (Anini) के लिए रवाना हो चुकी है।
दूसरी घटना ऊपरी सुबानसिरी जिले के केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर हुई, जहां भारी बारिश के कारण पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। सड़क कटाई के काम में लगे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों की पहचान तादू बाकी, ताजी राय, मारकोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि बाबुल अली का शव मलबे से निकाल लिया गया है। नाचो पुलिस स्टेशन के जवान, डापोरीजो से दमकल विभाग की टीम और SDRF की टीम बचाव अभियान में जुटी हुई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग दोनों जिलों में राहत व बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं।
Updated on:
15 Aug 2026 01:38 pm
Published on:
15 Aug 2026 01:38 pm
