
BJP New Team 2026: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी की नई टीम में 65 राष्ट्रीय पदाधिकारियों वाली इस टीम में महिलाओं को भी खास मौजूदगी नजर आई है। कुल 12 महिलाओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें छह महिलाएं हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की अहम जिम्मेदारी दी है। पिछली टीम की तुलना में महिला पदाधिकारियों की संख्या बढ़ी है। पिछली टीम में एक भी महिला राष्ट्रीय महासचिव नहीं थी।
नितिन नवीन की नई टीम में वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहीं राजे पहले भी बीजेपी संगठन में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता राजस्थान की पहली महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2003 से 2008 और 2013 से 2018 तक दो बार राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा की नई टीम में आंध्र प्रदेश भाजपा की पूर्व अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी रेखा वर्मा और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
स्मृति जुबिन ईरानी (Smriti Irani) का जन्म 23 मार्च 1976 को नई दिल्ली में हुआ। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रमुख नेता हैं और मोदी सरकार में कई महत्वपूर्ण कैबिनेट मंत्रालयों का दायित्व संभाल चुकी हैं। वह 2011 से 2019 तक गुजरात से राज्यसभा सांसद रहीं। 2019 के आम चुनाव में उन्होंने उत्तर प्रदेश की अमेठी संसदीय सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराया। स्मृति ईरानी को पार्टी के महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में कई महिला नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। इनमें भाजपा सांसद कविता पाटीदार, फांगनोन कोन्याक और संगीता यादव शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान सौंपी गई है। वह वनथी श्रीनिवासन की जगह महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष होंगी।
भाजपा की नई डिजिटल टीम में भी महिला प्रतिनिधित्व बढ़ा है। प्रीति गांधी को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इससे पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के साथ डिजिटल टीम में भी महिलाओं की भागीदारी नजर आएगी।