
भाजपा नेता अमित मालवीय (फोटो-IANS)
Amit Malviya BJP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए अपनी नई राष्ट्रीय टीम की आधिकारिक घोषणा की है। नई टीम में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता और इलेक्शन डेटा एनालिस्ट दीपक म्हास्के को BJP का राष्ट्रीय सोशल मीडिया कन्वेनर (प्रमुख) बनाया गया है। दीपक म्हास्के ने अमित मालवीय की जगह ली है, जो पिछले 11 सालों से इस पद पर थे। नई टीम की घोषणा के बाद अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।
अपने पोस्ट में अमित मालवीय ने कहा कि ये नियुक्तियां ऐसे समय पर हुई हैं जब पार्टी नई ऊँऊंचाइयां छूने और अपने संगठन व संदेश को देश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। दीपक म्हास्के को शुभकामनाऐं देते हुए मालवीय ने भरोसा जताया कि म्हास्के और नए नियुक्त किये गए सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव के नेतृत्व में BJP की डिजिटल पहुंच नए मुकाम हासिल करेगी और लोगों से जुड़ने के पार्टी के तरीके को नई दिशा मिलेगी।
अपने पोस्ट में अमित मालवीय ने BJP के समर्थकों और सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह समुदाय अच्छे और बुरे दोनों समय में परिवार की तरह उनके साथ खड़ा रहा। मालवीय ने बताया कि इस भूमिका में अपने 11 साल के कार्यकाल के दौरान उन्हें अनगिनत पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से जुड़ने का मौका मिला और वे बातचीत व रिश्ते उनके लिए जीवन भर खास रहेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की करता रहेगा और सभी समर्थक नई टीम को भी वैसा ही अटूट समर्थन देंगे।
भाजपा के नए सोशल मीडिया प्रमुख नियुक्त किए गए 58 वर्षीय दीपक म्हस्के मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले हैं। म्हस्के ने अपने करियर की शुरुआत एक कॉलेज प्रोफेसर के रूप में की थी। लगभग 15 वर्षों से BJP के IT और सोशल मीडिया विंग से जुड़े म्हास्के को चुनावी डेटा विश्लेषण और सरकारी योजनाओं के लिए डेटा प्रबंधन का विशेषज्ञ माना जाता है। वे भारत सरकार के उपक्रम इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) में स्वतंत्र निदेशक और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन भी रह चुके हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व वाली टीम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का नया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव और डी. पुरंदेश्वरी समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी मुख्य राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के तौर पर काम करते रहेंगे।
Updated on:
17 Aug 2026 06:03 pm
Published on:
17 Aug 2026 06:01 pm
