राष्ट्रीय

भगवान राम पर कीर्ति आज़ाद की विवादित टिप्पणी पर बीजेपी का पलटवार, बताया वोट बैंक की राजनीति

भगवान राम और अयोध्या राम मंदिर पर विवादित टिप्पणी कर टीएमसी सांसद कीर्ति आज़ाद फंस गए हैं। इस मामले पर अब बीजेपी ने उन पर पलटवार किया है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:20 AM IST
Kirti Azad and Pradeep Bhandari
कीर्ति आज़ाद और प्रदीप भंडारी (Photo - ANI)

टीएमसी (TMC) सांसद कीर्ति आज़ाद (Kirti Azad) ने एक विवाद खड़ा कर दिया। भगवान राम और अयोध्या राम मंदिर पर विवादित टिप्पणी कर आज़ाद चारों ओर से घिर गए हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक इंटरव्यू में आज़ाद ने कहा, "क्या हमारे देश के 3,200 करोड़ देवी-देवताओं में भगवान राम ही एकमात्र देवता हैं? मैं अयोध्या राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा क्योंकि भगवान राम ने अपनी पत्नी सीता माता को त्याग दिया था। वो भी तब जब सीता माता ने अग्नि परीक्षा पास कर ली थी। भगवान राम ने माता सीता को अपने घर से निकाल दिया था। मैं राम मंदिर क्यों जाऊं? मैं माता सीता की जन्मभूमि से आता हूं। माता सीता मिथिला की बेटी थीं। माता सीता मेरी मां हैं। मिथिला के हर व्यक्ति के लिए माता सीता एक मां हैं। अग्नि परीक्षा पास करने के बाद भी उन्हें दो छोटे, मासूम बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया था। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की यह कैसी मर्यादा है? मैं बच्चों को क्या बताऊंगा?" अब इस मामले पर बीजेपी (BJP) ने आज़ाद पर पलटवार किया है।

बीजेपी ने बताया वोट बैंक की राजनीति

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी (Pradeep Bhandari) ने टीएमसी सांसद आज़ाद की विवादित टिप्पणी पर पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्ष सनातन से नफरत करता है! टीएमसी सांसद ने प्रभु श्री राम का अपमान किया है। राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव अपने नेताओं से सनातन को लगातार बदनाम करने के लिए कहकर वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। बंगाल की तरह ही उत्तर प्रदेश की जनता भी 'बाबर प्रेमियों' को सबक सिखाएगी।"

दिसंबर में राम मंदिर जाएंगे अखिलेश

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) दिसंबर में राम मंदिर जाने की घोषणा कर चुके हैं। वह 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या राम मंदिर में दर्शन करने के लिए जा सकते हैं। गौरतलब है कि 22 जनवरी 2024 अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी और तब से अब तक अखिलेश एक बार भी राम मंदिर नहीं गए हैं। ऐसे में चुनाव से पहले उनका राम मंदिर दर्शन करने के लिए जाने के फैसले को बीजेपी राजनीति से प्रेरित बता रही है। भंडारी ने साफ कह दिया है कि जिस तरह जनता ने पश्चिम बंगाल चुनाव में विपक्ष को सबक सिखाया था, ठीक उसी तरह उत्तर प्रदेश चुनाव में भी विपक्ष को हार का सामना करना पड़ेगा।