
BJP Spokesperson NV Subhash Statement:मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद देश का राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। इस मुद्दे को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच जुबानी हमला शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भाजपा पर चुनावी प्रक्रियाओं को बाधित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए इसकी तुलना उत्तर कोरियाई तानाशाही से कर दी है, जिस पर भाजपा ने भी बेहद कड़ा पलटवार किया है।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्यसभा चुनावों में सीटों की चोरी करने के लिए किम जोंग उन मॉडल को अपनाया है। उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि इन दिनों भाजपा के लिए उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन एक आदर्श बन गए हैं। उत्तर कोरिया में चुनावों में केवल एक ही चुनाव चिन्ह होता है और विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं होती; भाजपा ने मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनावों में भी ठीक यही किया है।
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को रद्द किए जाने के मामले में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को षड्यंत्रकारी करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले 'वोट चोरी' करती थी, लेकिन अब जब वह मध्य प्रदेश में विधायकों को चुराने (क्रॉस-वोटिंग कराने) में नाकाम रही, तो उसने सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके सीधे 'सीट चोरी' का सहारा लिया। जब उनसे सुप्रीम कोर्ट द्वारा नटराजन को कोई तात्कालिक राहत न देने वाले फैसले पर पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वे चुनाव आयोग पर नहीं, बल्कि पक्षपात करने वाले रिटर्निंग ऑफिसर पर आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस इस मामले के खिलाफ हाईकोर्ट में 'इलेक्शन पिटीशन' दायर करेगी।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के इस तीखे हमले पर हैदराबाद में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एनवी सुभाष ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसकी तीव्र निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक और कानूनी विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसे अनर्गल और अमर्यादित बयान दे रही है।
भाजपा प्रवक्ता एनवी सुभाष ने पलटवार करते हुए कहा कि कल दिल्ली में रेवंत रेड्डी ने भाजपा की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से की, जिसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। भाजपा एक मजबूत लोकतांत्रिक और वैचारिक पार्टी है। उत्तर कोरिया के विपरीत, भारत दुनिया का सबसे बड़ा और जीवंत लोकतंत्र है, जहां कई राजनीतिक दल और स्वतंत्र उम्मीदवार पूरी स्वतंत्रता के साथ चुनाव लड़ते हैं। उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता ने तानाशाही के कारण नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के विकास कार्यों पर भरोसा करके पार्टी को वोट दिया है।
दरअसल, मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की तेलंगाना प्रभारी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा रद्द कर दिया गया था। उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने हैदराबाद की एक अदालत में लंबित एक निजी शिकायत (Private Complaint) की जानकारी अपने चुनावी हलफनामे में नहीं दी थी।
कांग्रेस का तर्क था कि यह कोई पुलिस FIR या तय किए गए आपराधिक आरोप नहीं थे, बल्कि केवल एक कारण बताओ नोटिस था जिसे हलफनामे में शामिल करना अनिवार्य नहीं था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया के बीच में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद भाजपा के उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इसी घटनाक्रम ने अब एक बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है।