राष्ट्रीय

‘गैर-बीजेपी शासित राज्यों में क्यों चुप रहती है CJP और विपक्ष?’, भाजपा नेता आरपी सिंह का सवाल

झारखंड पेपर लीक मामले पर BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने विपक्ष और CJP पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले झारखंड, पंजाब, कर्नाटक और तेलंगाना में छात्रों के आंदोलन से दूर क्यों हैं?
2 min read
Aug 02, 2026
Jharkhand Paper Leak, RP Singh, BJP, CJP, CJP Protest, Jharkhand SSC Paper Leak,
बीजेपी नेता आरपी सिंह (फोटो - आईएएनएस/इमेज को चैटजीपीटी से इन्हैंस किया गया है.)

RP Singh on CJP Protest and Opposition: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल और CJP केवल चुनिंदा राज्यों में ही छात्रों के आंदोलनों में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें हैं और वहां पेपर लीक जैसे मामले सामने आते हैं वहां ये संगठन छात्रों के समर्थन में नजर नहीं आते।

झारखंड में छात्रों के साथ क्यों नहीं?

आरपी सिंह ने कहा कि झारखंड में एसएससी और पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन वहां न तो विपक्षी नेता पहुंच रहे हैं और न ही कॉकरोच जनता पार्टी। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि ये लोग चुनिंदा मुद्दों और राज्यों पर ही सक्रिय होते हैं।

उन्होंने कहा, "जब कर्नाटक, तेलंगाना, पंजाब और झारखंड में पेपर लीक की घटनाएं होती हैं तब विपक्ष और CJP छात्रों के साथ खड़े नहीं दिखते। लेकिन दिल्ली में प्रदर्शन के लिए सभी एकजुट हो जाते हैं।"

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस की मंदिरों में आस्था नहीं रही है और पार्टी पहले भगवान राम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि अब विपक्ष को यह समझ आने लगा है कि देश में सनातन और हिंदू समाज की बात किए बिना चुनाव जीतना आसान नहीं है।

PM मोदी के बयान की सराहना

जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा माफ करने की बात पर आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं की भूमिका को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा स्टार्टअप और नवाचार के जरिए भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने स्काईरूट के रॉकेट लॉन्च का जिक्र करते हुए कहा कि यह युवाओं की क्षमता का उदाहरण है।

कुलगाम हमले पर फारूक अब्दुल्ला को जवाब

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम आतंकी हमले पर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भी आरपी सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला को अपने शासनकाल को याद करना चाहिए जब लंबे समय तक जम्मू-कश्मीर बंद रहता था और आतंकी घटनाएं आम थीं। हालांकि उन्होंने कुलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Updated on:
02 Aug 2026 09:57 pm
Published on:
02 Aug 2026 09:56 pm