राष्ट्रीय

क्या यही ‘हाइड्रोजन’ बम था? भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को घेरा, कहा- मुझे लगता है कि उनका…

राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' के आरोपों के बाद भाजपा नेताओं ने जमकर पलटवार किया है। शाहनवाज हुसैन और मनन मिश्रा ने राहुल के 'हाइड्रोजन बम' वाले बयान को 'फुस्स' बताया, उनके आरोपों को निराधार करार दिया। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी राहुल की राजनीति पर तीखा हमला बोला और उनकी भाषा को 'हारे हुए नेता' जैसी बताया।
2 min read
Sep 18, 2025
Feature image
कांग्रेस नेता राहुल गांधी। (फोटो- IANS)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने फिर से 'वोट चोरी' के आरोप लगाए। इसपर चुनाव आयोग ने भी पलटवार किया।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि राहुल गांधी के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और निराधार हैं। अब भाजपा नेताओ ने भी कांग्रेस नेता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा कि वे बार-बार 'हाइड्रोजन बम' छोड़ने की बात करते हैं, लेकिन उनका हर दावा 'फुस्स' हो जाता है।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राहुल ने पहले कहा था कि 'भूकंप' आएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब वे 'हाइड्रोजन बम' की बात कर रहे हैं। मैं उनसे पूछता हूं कि वे 'हाइड्रोजन बम' कब फोड़ेंगे?

घुसपैठियों को बचाने की कोशिश करते हैं राहुल- शाहनवाज

शाहनवाज ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि उनका कुछ होने वाला नहीं है और हार का ठीकरा खुद पर न लेकर चुनाव आयोग पर थोपना चाहते हैं। इसलिए वे चुनाव आयोग को टारगेट करते हैं और घुसपैठियों को बचाने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अब पूरे देश में एसआईआर लागू होगा। दो-दो आधार कार्ड वालों के नाम डिलीट किए जाएंगे। इसके अलावा, घुसपैठियों के नाम भी वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे। हालांकि, राहुल गांधी इस पर भी संदेह पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

मनन मिश्रा ने भी किया पलटवार

वहीं, राहुल गांधी के बयान को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा ने भी पलटवार किया। उन्होंने आरोपों को "हल्का" बताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने 'हाइड्रोजन बम' छोड़ने की बात कही थी, लेकिन इसके बजाय उन्होंने फिर से समय मांग लिया और कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया।

मनन मिश्रा ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए दावा किया कि कुछ लोगों के मोबाइल से 12 से 14 मतदाताओं के नाम हटाए गए।

कर्नाटक में कांग्रेस ने भाजपा से दोगुनी सीटें जीतीं और सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र के आधार पर कुछ लोगों को खड़ा करके राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पूरी तरह 'फुस्स' हो गई। कोई ठोस तथ्य या सबूत सामने नहीं आया।

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया, जिसमें गांधी ने पहले कहा था कि चुनाव आयोग 'वोट चोरी' करता है और अब दावा किया कि आयोग 'वोट चोरों की रक्षा' करता है। मनन मिश्रा ने कहा, "हिंदुस्तान की जनता ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती।"

दिल्ली के मंत्री ने भी राहुल गांधी को घेरा

राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के नए आरोपों पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि राहुल गांधी के पास सिर्फ नकारात्मकता बची है। वे दिन भर झूठ बोलते हैं। पहले कह रहे थे कि 'हाइड्रोजन बम' आएगा। क्या इसी को 'हाइड्रोजन बम' कह रहे थे? उनकी भाषा किसी हारे हुए नेता जैसी है। अपनी हार के लिए इतने लोगों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने आगे कहा कि अगर वे जनता के सामने स्वीकार करते और माफी मांगते, तो शायद इससे ही उनका काम बेहतर हो जाता। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से लेकर अदालत और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया।

उनकी मानसिकता यह है कि उनके सामने देश में सभी लोग गलत हैं। क्या गांधी परिवार के अलावा कोई सही है? उनकी भाषा से साबित होता है कि वे घटिया राजनीति में यकीन रखते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर मतदाता असंवैधानिक थे, तो कर्नाटक में मुख्यमंत्री कैसे बना दिया? इसका मतलब है कि कर्नाटक सरकार भी असंवैधानिक है।

Published on:
18 Sept 2025 02:19 pm