राष्ट्रीय

BRICS Summit: समिट के बाद कई विश्व नेताओं के बीमार पड़ने की खबरें फर्जी, विदेश मंत्रालय ने किया अलर्ट

BRICS Leaders Health Rumours: दिल्ली BRICS समिट के बाद कई विश्व नेताओं के बीमार पड़ने की सोशल मीडिया खबरों को विदेश मंत्रालय ने फर्जी और भ्रामक बताया है। मंत्रालय ने लोगों से ऐसी दुर्भावनापूर्ण पोस्ट से सावधान रहने की अपील की है।
2 min read
Sep 17, 2026
Cyril Ramaphosa health after BRICS
दिल्ली में ब्रिक्स समिट का आयोजन हुआ था (Photo-IANS)

MEA Fact Check BRICS: दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट के बाद कई विश्व नेताओं के बीमार पड़ने का दावा करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया सामने आई है। मंत्रालय ने इस दावों को फर्जी बताया है। साथ ही लोगों को ऐसी भ्रामिक और दुर्भावनापूर्ण पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी है।

इसको लेकर विदेश मंत्रालय की फैक्ट-चेकिंग यूनिट ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- फेक अलर्ट!!! हम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी दुर्भावनापूर्ण पोस्ट से सावधान रहने की सलाह देते हैं।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति की बिगड़ी तबीयत

बता दें कि विदेश मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के कार्यालय ने उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, BRICS शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद रामफोसा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली है।

राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि डॉक्टरों की सलाह पर रामफोसा फिलहाल आराम कर रहे हैं। वह सोमवार को ब्रिक्स सम्मेलन से लौटे थे और उसके बाद से चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आराम कर रहे हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय के बयान में कहा गया कि जहां संभव होगा, राष्ट्रपति ने संबंधित मंत्रियों से निर्धारित सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनका प्रतिनिधित्व करने को कहा है।

रामफोसा की गैरमौजूदगी ऐसे समय में हुई है, जब दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति पॉल मशातिले भी एक मामूली चिकित्सा प्रक्रिया के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। इस वजह से देश के दोनों शीर्ष नेता फिलहाल सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर हैं।

मशातिले ने कहा कि डॉक्टरों की सलाह पर वह अगली सूचना तक आराम जारी रखेंगे, जबकि उनके कार्यालय की टीम और सरकार, कारोबारी जगत तथा अन्य क्षेत्रों से जुड़े संबंधित लोग काम और जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

शी जिनपिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर दावे

इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में दावा किया गया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी स्वास्थ्य कारणों से ब्रिक्स सम्मेलन को बीच में छोड़ दिया और विशेष विमान से चीन लौट गए। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने ऐसे दावों को फर्जी और दुर्भावनापूर्ण सोशल मीडिया पोस्ट के रूप में खारिज किया है।

Updated on:
17 Sept 2026 12:02 pm
Published on:
17 Sept 2026 12:02 pm