राष्ट्रीय

बृजभूषण के बरी होने पर विनेश फोगाट बोलीं- बहुत हिम्मत जुटाकर सड़क पर उतरे थे, अभी लड़ाई बाकी है

Vinesh Phogat Reaction: पूर्व WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में अदालत ने बरी कर दिया। फैसले पर कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने निराशा जताते हुए कहा कि महिला पहलवान जल्द अपील करेंगी और अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।
2 min read
Aug 03, 2026
Brij Bhushan acquitted
विनेश फोगाट ने जताई नाराजगी (Photo-IANS)

Brij Bhushan Acquitted: भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को कोर्ट ने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों में बरी कर दिया है। अब इस पर पूर्व भारतीय पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट का बयान सामने आया है। उन्होंने बृजभूषण सिंह को बरी होने पर निराशा जताई है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि महिला पहलवान इस फैसले के खिलाफ जल्द से जल्द अपील करेंगी और उन्होंने अभी अपनी लड़ाई नहीं छोड़ी है। 

दो साल बाद कोर्ट ने सुनाया फैसला

बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह को सोमवार को छह महिला पहलवानों की ओर से दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत ने बरी कर दिया। इस मामले में WFI के पूर्व सचिव विनोद तोमर भी आरोपी थे। करीब दो साल तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया।

'हमने बहुत हिम्मत जुटाकर सड़क पर उतरकर विरोध किया'

विनेश फोगाट ने कहा कि महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बहुत हिम्मत जुटाई थी। इस दौरान उन्होंने सिंह पर लड़कियों को डराने का भी आरोप लगाया। 

कांग्रेस विधायक ने कहा कि बृजभूषण ने अपने प्रभाव और ताकत का इस्तेमाल कर लड़कियों को डराने की कोशिश की, ताकि वे शिकायत से अपने नाम वापस ले लें।

फोगाट ने कहा कि जब पूरा तंत्र बृजभूषण को बचाने में लगा हुआ था, तब भी कई महिला पहलवानों ने अपनी लड़ाई जारी रखी और अदालत का दरवाजा खटखटाया।

कांग्रेस विधायक फोगाट ने जताया दुख

कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि हम इस बात से बेहद दुख हैं कि अदालत ने महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों में बृजभूषण शरण सिंह को दोषी नहीं पाया।

फोगाट के मुताबिक, महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को फैसले के खिलाफ अपील करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह अपील जल्द से जल्द दायर की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है। पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

जनवरी 2023 में शुरू हुआ था विरोध

बता दें कि बृजभूषण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों का विरोध जनवरी 2023 में दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ था। पहलवानों ने उन पर कई वर्षों तक महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उन्होंने बृजभूषण की गिरफ्तारी और WFI अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी।

यह मामला बाद में कानूनी कार्रवाई तक पहुंचा और छह महिला पहलवानों की शिकायत के आधार पर बृजभूषण सिंह और विनोद तोमर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

बरी होने के बाद क्या बोले बृजभूषण सिंह

कोर्ट के फैसले पर बृजभूषण सिंह की तरफ से बयान भी सामने आया था। उन्होंने इसे खुशी का पल बताया। सिंह ने कहा कि वह शुरुआत से ही अपनी बेगुनाही की बात कहते रहे हैं।

बृजभूषण ने कहा कि पहले दिन से ही मैंने कहा था कि अगर मेरे खिलाफ एक भी आरोप साबित होता है तो मैं सबसे कड़ी सजा भुगतने के लिए तैयार हूं। उन्होंने आगे कहा कि अदालत ने उन्हें सम्मान के साथ बरी किया है और यह उनके लिए खुशी की बात है।

Updated on:
03 Aug 2026 02:41 pm
Published on:
03 Aug 2026 02:41 pm