राष्ट्रीय

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट: साबरमती नदी पर बन रहा 12 मंजिला ऊंचाई के बराबर हाईटेक पुल, इसी से गुजरने वाली हाई स्पीड ट्रेन, देश को मिलेगी रफ्तार

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट (Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Project) के तहत अहमदाबाद में साबरमती नदी पर अत्याधुनिक पुल (Hightech Bridge over Sabarmati River) बन रहा है। इस पुल का निर्माण तेजी से हो रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnaw) ने निर्माणाधीन पुल की प्रगति के बारे में जानकारी साझा की है।
2 min read
Apr 28, 2026
Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Project
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट (Image: IANS)

Bullet Train Project: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत अहमदाबाद में साबरमती नदी पर बन रहा अत्याधुनिक रेलवे पुल तेजी से आकार ले रहा है। यह पुल करीब 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा है, जो लगभग 12 मंजिला इमारत की ऊंचाई के बराबर है। यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच बनाया जा रहा है। यह रूट रणनीतिक रूप से काफी अहम है, जो पूरे हाई-स्पीड कॉरिडोर के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।

आधुनिक तकनीक से तैयार हो रहा मजबूत पुल

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत साबरमती नदी पर निर्माणाधीन पुल के सभी 8 विशाल पिलर तैयार हो चुके हैं। इन पिलर्स का व्यास 6 से 6.5 मीटर और ऊंचाई 31 से 34 मीटर के बीच है। यह पुल कुल 7 स्पैन से मिलकर बना है, जिसमें 5 स्पैन 76 मीटर लंबे और दो स्पैन 50 मीटर लंबे हैं। प्रत्येक स्पैन का निर्माण 23 सेगमेंट्स के जरिए साइट पर ही किया जा रहा है। इसके निर्माण में बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जो गहरे पानी और लंबे स्पैन वाले पुलों के लिए विश्व स्तर पर अत्याधुनिक मानी जाती है। इस तकनीक में बिना नीचे किसी सहारे के, पिलर्स से दोनों ओर संतुलन बनाते हुए सेगमेंट जोड़े जाते हैं। प्रोजेक्ट में अब तक नींव और सबस्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है, जबकि 76 मीटर के तीन स्पैन तैयार हो चुके हैं। शेष सुपरस्ट्रक्चर कार्य, जिसमें पिलर्स का हेड निर्माण और सेगमेंट जोड़ना शामिल है। पुल पर आगे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

रेल मंत्री ने पुल के निर्माण पर दिया अपडेट

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर पुल की प्रगति के बारे में जानकारी दी है। रेल मंत्री ने लिखा- अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा पुल तेजी से आकार ले रहा है। उन्होंने इंजीनियरिंग की इस उपलब्धि की सराहना की है। अश्वनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पूरे देश के लिए गेम चेंजर साबित होगा।

कब पूरा होगा पुल का निर्माण?

यह पुल मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट (508 किमी लंबा) का हिस्सा है, जिसकी कुल प्रगति लगातार बढ़ रही है। पूरे प्रोजेक्ट में कई नदियों पर पुल बन चुके हैं, लेकिन साबरमती नदी पर यह पुल अपनी ऊंचाई और आधुनिक तकनीक के कारण खास महत्व रखता है। वहीं, NHSRCL (National High Speed Rail Corporation Limited) के अनुसार, पुल के डिजाइन में नदी के जलमार्ग को न्यूनतम बाधा पहुंचाने का खास ध्यान रखा गया है। पूरा प्रोजेक्ट 2027-28 तक चरणबद्ध रूप से पूरा होने की उम्मीद है। इस पुल के पूरा होने से अहमदाबाद स्टेशन क्षेत्र में बुलेट ट्रेन की आवाजाही सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

Updated on:
28 Apr 2026 04:18 am
Published on:
28 Apr 2026 04:13 am