
NEET-UG Re-examination: नीट यूजी पुनर्परीक्षा के उम्मीदवार अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब नागपुर स्थित एक मेडिकल कॉलेज में परीक्षा केंद्र पहुंचे। अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब को NEET-UG पुनर्परीक्षा के लिए अबू धाबी स्थित एक स्कूल आवंटित किया गया था। बाद में, NTA द्वारा उनकी समस्या का समाधान किया गया और उन्हें एक नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया। ध्यान रहे कि देश भर में 22 लाख छात्र छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।
दरअसल नागपुर के एक नीट परीक्षार्थी को नागपुर को अपने पसंदीदा शहर के रूप में चुनने के बावजूद संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था। मेडिकल प्रवेश परीक्षा से ठीक एक दिन पहले हुए इस घटनाक्रम से परीक्षार्थी और उसका परिवार अनिश्चितता की स्थिति में आ गया था। छात्र को पहले नीट परीक्षा के लिए नागपुर के सरस्वती विद्यालया में एक परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था।
हालांकि, परीक्षा पत्र लीक विवाद के बाद परीक्षा का समय पुनर्निर्धारित किए जाने पर, उसने अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो पाया कि उसका परीक्षा केंद्र संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी इंडियन स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया है। परिवार के अनुसार, छात्र ने आवेदन पत्र भरते समय नागपुर को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना था, उसके बाद वर्धा और भंडारा को चुना था। अब उसका परीक्षा केंद्र बदल कर नागपुर के ही स्कूल में कर दिया गया है।
महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए इसे परीक्षा एजेंसी की गंभीर चूक बताया और एनटीए से आग्रह कि याथा कि वह छात्र को नागपुर या आसपास के किसी शहर में परीक्षा केंद्र आवंटित करके इस गलती को तुरंत सुधारे और एनटीए ने यह गलती सुधार दी।