राष्ट्रीय

NEET Re-Exam आज, असली परीक्षा विद्यार्थियों से ज्यादा सिस्टम की,पहली बार त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, छात्रों को मिलेंगे 2 की बजाए 4 रफ पेज

NEET UG 2026 री-नीट परीक्षा आज देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। पेपर लीक के बाद एनटीए और केंद्र सरकार ने त्रिस्तरीय सुरक्षा, अतिरिक्त कैमरे, जैमर, पुलिस बल और विशेष परिवहन सुविधाओं का इंतजाम किया है। साथ ही इस बार असली परीक्षा विद्यार्थियों से ज्यादा सिस्टम की है।

2 min read
Jun 21, 2026
neet 2026
NEET Re-Exam(AI Image-ChatGpt)

NEET 2026: देशभर में आज री-नीट (यूजी) की पुनर्परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। बीती 3 मई को पेपर लीक होने के बाद आज होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए केंद्र सरकार और एनटीए ने पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में इस बार असली परीक्षा विद्यार्थियों से ज्यादा सिस्टम की है। पेपर लीक के कलंक को धोने हर स्तर पर पुख्ता प्रयास किए गए हैं। रेलवे ने वाराणसी से पटना स्पेशल परीक्षा ट्रेन चलाना तय किया है, जबकि वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टर की मदद से पेपर व गोपनीय सामग्री पहुंचाई गई है। सशस्त्र जवानों की सुरक्षा का पुख्ता घेरा है। टेलीग्राम पर अस्थाई पाबंदी लगाई जा चुकी है। जबकि, शनिवार को मॉकड्रिल करके सारे इंतजामों को क्रासचेक किया गया है। साइबर सिक्योरिटी से लेकर मैदानी इंतजाम तक परखे गए हैं। खास ये कि 1.50 लाख से ज्यादा अतिरिक्त कैमरे और 15 हजार से ज्यादा जैमर संवेदनशील केंद्रों व जरूरत वाले क्षेत्रों पर इस बार लगाए गए हैं। करीब 2.5 लाख से ज्यादा पुलिसकर्मी और बाकी सेना के जवान सुरक्षा इंतजामों से जोड़े गए हैं।

सुरक्षा का इंतजाम

  • 551 शहरों में 5000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था
  • 1.50 लाख अतिरिक्त कैमरे परीक्षा केंद्रों व परिसरों में लगाए
  • 15 हजार से ज्यादा जैमर संवेदनशील केंद्र व क्षेत्रों में लगाए गए
  • 2.50 लाख से ज्यादा पुलिस के जवानों को सुरक्षा में लगाया
  • 15 हजार से ज्यादा अद्र्धसैनिक बलों को पेपर-आंसर शीट सुरक्षा का जिम्मा

त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा


सामान्यत: परीक्षा में एक ही सुरक्षा घेरा होता था, लेकिन पहली बार त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसमें बाहरी घेरा जिला मजिस्ट्रेट की टीम, दूसरा राज्यस्तरीय (प्रदेश पुलिस) और तीसरा (परीक्षा केंद्र के अंदर) घेरा केंद्र सरकार की विशेष सुरक्षा टीम का रहेगा। इस बार सीनियर अफसरों की तैनाती को प्राथमिकता दी गई है। यह परीक्षा घेरा पेपर पहुंचाने के पूर्व से लेकर पेपर व गोपनीय सामग्री रवाना करने तक सक्रिय रहेगा। शनिवार को मॉकड्रिल में इन सभी इंतजामों को परखा गया।

पहली बार परिवहन सेवा


परीक्षा के दिन पंजाब, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत कुछ अन्य राज्य छात्रों के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराएंगे।

22.79 लाख विद्यार्थी, 3.50 लाख ने केंद्र बदला


परीक्षा में करीब 22.79 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। शनिवार तक 20 लाख से ज्यादा प्रवेश-पत्र डाउनलोड हो चुके थे। इस बार 3.50 लाख परीक्षार्थी ने अपना केंद्र या शहर बदला है।

ये महत्वपूर्ण

  • दोपहर 2 से 5.15 बजे परीक्षा समय। दोपहर 1.30 बजे बाद नो-एंट्री।
  • 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। रफ पेज 2 की बजाए 4 मिलेंगे।

अभ्यर्थी रखें ध्यान

  • परीक्षा केंद्र पर समय पर पहुंचे, यातायात का ध्यान रखकर घर से निकले।
  • प्रवेश-पत्र में गड़बड़ हो तो हेल्पलाइन व केंद्र पर संपर्क करें।
  • पुलिस व सुरक्षा बंदोबस्त से घबराएं नहीं, जांच में सहयोग करें।
  • पानी व जरूरी दवाई, चश्मा, पेन-पेंसिल जैसी चीजें संभालकर रखें।
  • ड्रेसकोड या कपड़े, शूज, घड़ी इत्यादि का ध्यान रखें।
  • मोबाइल, केलकुलेटर, ब्लूटूथ या स्मार्ट घड़ी आदि न लें जाएं।
  • प्रवेश पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार, पेनकार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज रखें।
Updated on:
21 Jun 2026 02:33 am
Published on:
21 Jun 2026 02:29 am