राष्ट्रीय

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह, जानें पंजाब चुनाव से पहले क्या हैं इसके मायने?

सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन में कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी से पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। क्या विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कैप्टन कांग्रेस में वापसी करेंगे या बीजेपी में ही बने रहेंगे? इसको लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हैं।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 8:36 PM IST
Captain Amarinder Singh
पंजाब के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह (Photo-IANS)

Sonia Gandhi Belonging A Journey of Love: दिल्ली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' का विमोचन हुआ। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं समेत इंडिया गठबंधन के बड़े नेता भी शामिल हुए। वहीं इस दौरान पंजाब के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी विमोचन में शामिल हुए। इसके बाद एक बार फिर कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर अटकलें तेज हो गई है। दरअसल, पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। 

पुस्तक विमोचन समारोह में क्या बोले कैप्टन अमरिंदर सिंह

'Belonging: A Journey of Love'के विमोचन समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हम यहां एक सामाजिक समारोह में शामिल होने आए हैं। इसमें राजनीतिक मुद्दे कहां से आ गए? यह एक सामाजिक कार्यक्रम है। जब मैंने अपनी किताबों का विमोचन किया था, तब सोनिया गांधी तीन बार उन कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। कई अन्य देशों में भी लोग अपनी राजनीतिक विचारधारा और दलगत जुड़ाव से ऊपर उठकर आपस में सामाजिक मेलजोल बनाए रखते हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह दोबारा कांग्रेस में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा कि एक बार जब आप कोई फैसला कर लेते हैं, तो आपको उससे पीछे हटकर शिकायतें नहीं करनी चाहिए। मैं इस सोच में विश्वास नहीं रखता।

उन्होंने कहा कि जहां तक मेरी बात है, तो मैं यहां सिर्फ एक सामाजिक समारोह में शामिल होने आया हूं। मैं इस परिवार को कई वर्षों से जानता हूं। हमारे बीच बहुत करीबी संबंध हैं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसी ने भी आज तक मुझसे यह नहीं पूछा कि मुझे उनके साथ जुड़ना चाहिए या नहीं। उनके साथ मेरी बातचीत पूरी तरह सामाजिक रही है। उन्होंने न तो कभी मुझे कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा है और न ही इससे दूर रहने की कोई सलाह दी है।

BJP को लेकर देते रहे हैं बयान

बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी को लेकर भी बयान देते रहे हैं। सितंबर 2026 में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बीजेपी को लेकर बयान दिया था। 

उन्होंने कहा था कि पूर्व सीएम ने कहा कि पंजाब से जुड़े मामलों में बीजेपी उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके और उनके साथियों के पास पंजाब की राजनीति का करीब छह दशक का अनुभव है, इसके बावजूद पार्टी के स्तर पर उनसे राय नहीं ली जाती।

राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को बताया था फेवरेट बीजेपी नेता

बता दें कि अगस्त 2026 में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान अपने पसंदीदा बीजेपी नेता के नाम का खुलासा किया था। 

इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पूछे गए सवाल के जवाब में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ अच्छी तरह घुल-मिल जाते हैं। कांग्रेस की ओर से ‘X’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह, निश्चित रूप से। मेरी उनसे अच्छी बनती है। वह कूल हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि उन्हें अमरिंदर सिंह की सैन्य इतिहास पर पकड़ भी पसंद है। उन्होंने कहा, “और… वह सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं। वीडियो के अंत में राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा- हैलो, अंकल अमरिंदर।

क्या कांग्रेस में शामिल होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह?

बता दें कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले पार्टियों ने अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। लगातार कांग्रेस की ओर झुकाव, राहुल गांधी द्वारा तारीफ करना और अब सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन में पहुंचने पर एक बार फिर कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर अटकलें तेज हो गई है। अटकलें लगाई जा रही है कि क्या पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में शामिल होंगे? 

पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कई बार कह चुके है कि वे कांग्रेस को बहुत मिस करते हैं। उन्होंने बीजेपी के सिस्टम पर भी सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एक परिवार की तरह है। मैं जब भी फोन करता था, वह मिल लेते थे। लेकिन बीजेपी में यह सिस्टम नहीं है। 

उन्होंने यह भी कहा था कि उनके चेचेरे भाई के निधन पर राहुल गांधी ने शोक संदेश भेजा था लेकिन बीजेपी की तरफ से किसी ने पूछा तक नहीं। 

हालांकि उन्होंने कई बार कांग्रेस में जाने की अटकलों को खारिज किया है। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कई बार कहा है कि उनका बीजेपी छोड़ना कोई इरादा नहीं है। 

Updated on:
16 Nov 2026, 8:36 PM IST
Published on: