CBSE Class 12 Results 2026: सीबीएसई ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि प्रयागराज रीजन सबसे पीछे रहा। सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई से आयोजित होगी।
CBSE Class 12 Results Released: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। हालांकि यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम रहा है। पिछले साल 88.39 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए थे। इस बार भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा।
सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 12वीं की परीक्षा के लिए कुल 17,80,365 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 17,68,968 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 15,07,109 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
इस वर्ष छात्राओं का पास प्रतिशत 88.86 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। बोर्ड के मुताबिक लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
इसके अलावा ट्रांसजेंडर छात्रों का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो इस बार का सबसे उल्लेखनीय आंकड़ा माना जा रहा है।
सीबीएसई 12वीं परीक्षा में इस बार 94,028 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। वहीं 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए।
बोर्ड का कहना है कि इस बार भी छात्रों के प्रदर्शन का मूल्यांकन तय मानकों के अनुसार किया गया है और रिजल्ट पूरी पारदर्शिता के साथ जारी किया गया है।
एक या अधिक विषयों में पास नहीं होने वाले विद्यार्थियों को इस बार भी सप्लीमेंट्री यानी कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा। इससे छात्रों का एक साल खराब नहीं होगा और उन्हें अपने अंक सुधारने का अवसर मिलेगा।
सीबीएसई ने बताया कि सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई से आयोजित की जाएगी।
रीजनवार परिणाम में त्रिवेंद्रम सबसे आगे रहा, जहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए। वहीं प्रयागराज रीजन का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा और यहां केवल 72.43 प्रतिशत छात्र सफल हुए। अजमेर रीजन 86.78 प्रतिशत के साथ 11वें स्थान पर रहा।
| क्षेत्र | परिणाम प्रतिशत |
|---|---|
| त्रिवेंद्रम | 95.62% |
| चेन्नई | 93.84% |
| बेंगलुरु | 93.19% |
| विजयवाड़ा | 92.77% |
| दिल्ली पश्चिम | 92.34% |
| दिल्ली पूर्व | 91.73% |
| अहमदाबाद | 90.60% |
| गुरुग्राम | 88.45% |
| लुधियाना | 87.92% |
| पुणे | 87.32% |
| अजमेर | 86.78% |
| पंचकुला | 85.73% |
| रांची | 85.01% |
| गुवाहाटी | 83.41% |
| लखनऊ | 82.21% |
| भुवनेश्वर | 81.71% |
| देहरादून | 81.42% |
| रायपुर | 80.88% |
| भोपाल | 79.43% |
| नोएडा | 79.02% |
| पटना | 74.45% |
| प्रयागराज | 72.43% |
विद्यालयों के प्रदर्शन की बात करें तो केंद्रीय विद्यालय सबसे आगे रहे। केंद्रीय विद्यालयों का पास प्रतिशत 98.55 दर्ज किया गया।
वहीं सरकारी विद्यालयों का परिणाम 89.55 प्रतिशत, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों का 86.07 प्रतिशत और निजी विद्यालयों का परिणाम 84.22 प्रतिशत रहा।