राष्ट्रीय

BJP को चुनाव आयोग ने अपना वकील बना लिया है? CEC मुद्दे पर संजय राउत का हमला

Sanjay Raut BJP Election Commission: CEC विवाद पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने चुनाव आयोग और BJP पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सीधे लाभान्वित हुई है और सबूत सामने होने का दावा किया।
2 min read
• •
Sep 28, 2026
Sanjay Raut
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सीईसी पर साधा निशाना (Photo-ANI)

Sanjay Raut on Election Commission: चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया को लेकर इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में खुलासा होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर विपक्ष ने गंभीर आरोप लगाए है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधा है। राउत ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या चुनाव आयोग ने बीजेपी को अपना वकील नियुक्त कर लिया है?

संजय राउत ने बीजेपी पर साधा निशाना

संजय राउत ने कहा कि क्या भारत निर्वाचन आयोग ने BJP को अपना वकील नियुक्त कर दिया है? भाजपा को इन चोरी किए गए वोटों से सीधे फायदा हुआ है। इसलिए वे उनके वकील की तरह काम कर रहे हैं।

राउत ने आगे कहा कि इस मामले में सबूत मौजूद हैं और उन्हें सामने रखा जा चुका है। उन्होंने कहा कि इन सबूतों को द इंडियन एक्सप्रेस और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से भी सामने लाया गया है।

कांग्रेस ने क्या कहा? 

CEC के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि केवल विपक्षी दल ही चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं। बिहार में भाजपा के सहयोगी दल भी चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया को जिस तरह से लागू किया जा रहा है, उसकी पूरी व्यवस्था बेहद चिंताजनक है। यह एक समावेशी प्रक्रिया होनी चाहिए। 18 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति, जो भारत का नागरिक है और किसी निर्वाचन क्षेत्र का निवासी है, उसे मतदाता के रूप में पंजीकृत किया जाना चाहिए।

कार्ति चिदंबरम ने कहा कि लेकिन यह SIR प्रक्रिया लोगों को मतदाता सूची से बाहर करने पर केंद्रित दिखाई दे रही है। पहली बार मतदाता बनने वाले व्यक्ति के लिए अपना नाम दर्ज कराना इतना कठिन बनाया जा रहा है कि यह परेशानी का कारण बन रहा है।

बीजेपी ने क्या कहा? 

इस मुद्दे पर बीजेपी नेता नारायणन तिरुपति का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों द्वारा जारी की गई सर्वसम्मत संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति ने कांग्रेस को बेनकाब कर दिया है। देश में प्रथम श्रेणी की बड़ी धोखाधड़ी करने वाले राहुल गांधी को जनता के बीच भ्रम पैदा करने और दहशत का माहौल बनाने की कोशिश के लिए पूरी तरह बेनकाब कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, एम.के. स्टालिन और कई अन्य विपक्षी नेता लोगों के बीच अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे अनावश्यक रूप से चुनाव आयुक्तों के बारे में शिकायत कर रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि चुनाव आयुक्त आपस में एकमत नहीं हैं।

Updated on:
28 Sept 2026 05:32 pm
Published on:
28 Sept 2026 05:14 pm
Also Read
View All