
India Census 2027 Dates: देश में जनगणना की तारीखें तय हो गई हैं। सरकार के मुताबिक जनगणना का काम 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। यह काम बर्फ से ढके राज्यों और चुनाव वाले राज्यों को छोड़कर पूरे देश में होगा।
इसके साथ ही इस बार लोगों को खुद भी अपनी जानकारी भरने का मौका मिलेगा। इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है। यानी जनगणना कर्मचारियों के घर पहुंचने से पहले ही लोग अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर इस बात की जानकारी दी है। इसके मुताबिक, देश के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनसंख्या की जनगणना 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी। इसके बाद 1 मार्च 2027 से 5 मार्च 2027 तक रिविजनल राउंड (समीक्षा दौर) होगा।
घर-घर जाकर गणना शुरू होने से ठीक पहले, 10 जनवरी 2027 से 24 जनवरी 2027 तक लोगों के पास खुद अपनी गणना (Self-Enumeration) करने का विकल्प भी रहेगा। सरकार ने यह व्यवस्था वैकल्पिक तौर पर पेश की है। यानी कि लोग इसके जरिए खुद अपनी जानकारी देना चाहते है तो इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। यदि नहीं चाहते तो गणना कर्मी घर-घर जाकर गणना करेंगे।
अधिसूचना के मुताबिक, इस बार जनगणना के लिए 1 मार्च 2027 को संदर्भ तिथि बनाया गया है। इसका मतलब है कि जनगणना के दौरान भले ही कर्मी आपके घर जनवरी या फरवरी में आएं, लेकिन आपके परिवार में उस तारीख (1 मार्च 2027) तक जितने लोग और जैसी स्थिति थी, ठीक वैसी ही गिनती दर्ज की जाएगी। मुख्य जनगणना के बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक रिविजनल राउंड होगा। इसमें छूटी हुई या गलत दर्ज जानकारी को ठीक किया जा सकेगा।
कुछ चुनिंदा राज्यों को छोड़कर देश के सभी केंद्र शासित प्रदेश और राज्यों में जनगणना होगी। तय तिथि के अनुसार अभी उन राज्यों को छूट मिली है, जहां चुनाव है और बर्फ से ढके रहने की संभावना है। चुनाव प्रभावित राज्यों में मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड शामिल हैं। वहीं लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के बर्फ वाले इलाके शामिल हैं।