राष्ट्रीय

कोरोना को लेकर केंद्र की चेतावनी, दूसरी लहर बीत गई, लेकिन अभी खतरा टला नहीं

कोविड कार्यबल के प्रमुख वी के पॉल ने लोगों को अभी भी कोरोना महामारी को लेकर सर्तक रहने को कहा है। उनका कहना है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर भले ही अब खत्म होने की तरफ है, लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि बुरा समय गुजर गया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Oct 2021, 8:10 PM IST
center warns, we have to still be careful from corona virus
center warns, we have to still be careful from corona virus

नई दिल्ली। बीते कई दिनों से भारत में कोरोना के मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है। वहीं आने वाले दिनों में त्योहारों को देखते हुए केंद्र सरकार ने लोंगो को एक बार फिर से सतर्क रहने की चेतावनी दी है। आज कोविड कार्यबल के प्रमुख वी के पॉल ने कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर भले ही अब खत्म होने की तरफ है, लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि बुरा समय गुजर गया है।

जल्द लगवाएं कोरोना वैक्सीन
इस दौरान उन्होंने लोगों को कोरोना टीकाकरण की अहमियत बताते हुए बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लेने की अपील की है। मास्क पहनने, लोगों से दूरी बनाए रहने के साथ ही टीकाकरण भी कोरोना के खतरे को काफी हद तक कम करता है। जल्द ही हम टीकाकरण में 100 करोड़ का लक्ष्य हासिल करने वाले हैं, ये देश के लिए गर्व और खुशी की बात है। इस सब से परे हमे यह बात भी नहीं भूलनी चाहिए कि कोरोन का खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है। अगामी त्योहारों के समय हमें अधिक सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि इस दौरान जरा सी लापरवाही हमारी मुश्किलें बढ़ा सकती है।

बच्चों के टीकाकरण पर भी दिया जवाब
इस दौरान उन्होंने अगली कड़ी में बच्चों और किशोरों को कोरोना टीकाकरण अभियान से जोड़ने की बात कही। वी के पॉल ने बताया कि इस बारे में अंतिम फैसला वैज्ञानिक तर्कों के आधार पर ही लिया जाएगा। हम देश के भविष्य के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं कर सकते। यही वजह है कि इस संबंध में फैसला लेने में हम किसी तरह की कोई जल्दबाजी नहीं करेंगे। वहीं, देश में जायडस कैडिला कोरोना-रोधी वैक्सीन की उपलब्धता पर पॉल ने कहा कि जल्द ही यह भारतीयों के लिए इस्तेमाल की जाएगी।

अगर देश में कोरोना टीकाकरण के आंकड़ों की बात करें तो भारत में अब तक कुल 97.62 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 16 अक्टूबर की शाम सात बजे तक 38 लाख खुराक दिए गए। आंकड़ों के मुताबिक टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत होने के बाद से कुल 39,25,87,450 पहली खुराक और 11,01,73,456 दूसरी खुराक 18 से 44 वर्ष आयु समूह को दी जा चुकी है। सरकार का दावा है कि अगले हफ्ते वह 100 करोड़ के लक्ष्य को हासिल कर लेगी।

Published on: