
Chirag Paswan: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष पर संसद में अहम मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता खरगे जी के आवास पर मॉक पार्लियामेंट तो आयोजित करेंगे, लेकिन जब असली संसद में चर्चा और संवाद की बारी आती है, तो पीछे हट जाते हैं। चिराग ने परिसीमन और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों का जिक्र करते हुए विपक्ष की समझ पर भी सवाल उठाए।
विपक्ष के रवैये पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा, 'विपक्ष के लोग संसद में जनता के मुद्दों पर बात नहीं करते। वे खरगे जी के आवास पर बैठकर नकली संसद लगा लेंगे, लेकिन जब देश की सबसे बड़ी पंचायत यानी असली संसद में संवाद की बात आती है, तो वे मुंह फेर लेते हैं। अगर आप सदन में बातचीत ही नहीं करेंगे, तो जनहित के मुद्दों को समझेंगे कैसे?' उन्होंने आगे कहा कि समझ की इसी कमी की वजह से विपक्ष परिसीमन और 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (महिला आरक्षण कानून) जैसे ऐतिहासिक फैसलों का महत्व नहीं समझ पा रहा है।
परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार के रुख को साफ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा संतुलित रास्ता चुना है। उन्होंने बताया कि परिसीमन को लेकर खासकर दक्षिण भारत के राज्यों और वहां की क्षेत्रीय पार्टियों के मन में एक चिंता रही है। उनका मानना है कि अगर सिर्फ आबादी के आधार पर सीटें तय हुई, तो जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण पर अच्छा काम किया है, उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा। हमारी सरकार सभी पहलुओं और चिंताओं को ध्यान में रखकर ही आगे बढ़ रही है।
हाल ही में दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा की प्रार्थना सभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और 'जन सुराज' के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से काफी देर बातचीत की, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई।
इस मुलाकात और घटते राजनीतिक शिष्टाचार पर चिराग पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में आपसी सम्मान बेहद जरूरी है। आजकल जिस तरह राजनीतिक दुश्मनी की वजह से व्यक्तिगत मर्यादाएं तोड़ी जा रही हैं, वह चिंताजनक है। मैं सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए किसी के सम्मान को ठेस पहुंचाने के पक्ष में कभी नहीं रहा।