
UP Assembly Election 2027 : लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने निशाना साधा है। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन को भी उन्होंने सत्ता की दौड़ में कमजोर बताया।
लखनऊ में ANI से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि जब गठबंधन के साथी की सहमति के बिना उम्मीदवार घोषित किए जा रहे हैं, तो फिर इसे गठबंधन कैसे कहा जा सकता है? उन्होंने सवाल उठाया कि अगर गठबंधन में सम्मान और गठबंधन धर्म ही नहीं है, तो ऐसे साथ रहने का क्या मतलब है?
चिराग पासवान ने कहा कि सपा ने कांग्रेस के साथ बातचीत जारी रहने के बावजूद अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। यह गठबंधन की मर्यादा के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि अगर आप गठबंधन धर्म की मर्यादा नहीं निभा रहे हैं, तो फिर यह गठबंधन कैसा है? अगर कांग्रेस अपमान का यह कड़वा घूंट पीने के बाद भी उनके साथ रहती है, तो इससे पता चलता है कि आज कांग्रेस का अपना कोई जनाधार नहीं बचा है। उसके पास कोई विकल्प नहीं है, इसलिए अपमानित होने के बावजूद वह साथ रहने को मजबूर है।
यूपी चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच हुए गठबंधन पर भी चिराग पासवान ने कहा कि यूपी में तीसरे मोर्चे के प्रयोग पहले भी होते रहे हैं, लेकिन वे सत्ता तक पहुंचने में सफल नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि तीसरे मोर्चे भले ही सरकार बनाने में सफल न हों, लेकिन वे किसी न किसी गठबंधन का वोट जरूर काटते हैं। उन्होंने कहा कि तीसरे मोर्चे ने हमेशा कोशिश की है, लेकिन वे सफल नहीं रहे। हां, वे किसी न किसी गठबंधन को नुकसान पहुंचाने में जरूर सफल हो जाते हैं।
उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर चिराग पासवान ने फिलहाल किसी गठबंधन का ऐलान करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर फैसला सही समय आने पर लिया जाएगा। अभी पार्टी का पूरा ध्यान प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने पर है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी फिलहाल सभी सीटों पर संगठन का विस्तार करने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है। गठबंधन होगा या नहीं, इसका फैसला समय आने पर किया जाएगा। गौरतलब है कि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए का हिस्सा है। बिहार में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत रखने वाली पार्टी अब उत्तर प्रदेश में भी अपना जनाधार बढ़ाने की तैयारी कर रही है।