
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। केंद्रीय मंत्री और पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर तैयारी कर रही है।
चिराग पासवान ने कहा कि हमने इस चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर ली है और यह तय है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी यह तय नहीं है कि गठबंधन का स्वरूप क्या होगा या पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी अथवा अकेले। उन्होंने कहा कि पार्टी ने दोनों परिस्थितियों के लिए तैयारी कर रखी है।
चिराग पासवान ने कहा कि अगर गठबंधन होता है तो हम गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे। वहीं, अगर अकेले चुनाव लड़ना पड़ा तो भी हमारी पार्टी इसके लिए पूरी तरह तैयार है। बता दें कि चिराग पासवान की पार्टी केंद्र और बिहार में बीजेपी नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए का हिस्सा है।
चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर विपक्ष के सवालों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार इसी तरह SIR और चुनाव आयोग को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि कई राज्यों ने इस भ्रम का जवाब दिया है। चाहे वह पश्चिम बंगाल का चुनाव हो या हमारे राज्य बिहार का चुनाव। अगर आप इस पर सवाल उठाते हैं, तो आपको उन राज्यों के नतीजों पर भी सवाल उठाना चाहिए, जहां नतीजे आपके पक्ष में रहे हैं। विपक्ष द्वारा इस तरह की चुनिंदा आलोचना करना, मेरे विचार से, उचित नहीं है।
विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों द्वारा लुभावने वादे करने का भी सिलसिला शुरू हो गया है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि अगर सपा की सरकार बनती है तो महिलाओं को 40,000 दिए जाएंगे। उन्होंने इस वादे को पार्टी के चुनावी एजेंडे का हिस्सा बताया। उनके बयान के मुताबिक, अगर चुनाव के बाद सपा की सरकार बनती है तो विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जाएंगे।