
टीएमसी सुप्रीमो व पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे व सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। आज सुबह तड़के तीन बजे उनके घर पर CID की रेड पड़ी है। CID की टीम काफी देर तक अभिषेक बनर्जी को गेट के बाहर से आवाज लगाती रही, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो वे ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। पुलिस की रेड की जानकारी मिलते ही ममता बनर्जी भी अभिषेक के घर पहुंची।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि सुबह करीब 8 बजे के बाद पुलिस घर से निकली और ममता भी वहां से चली गईं। अभिषेक ने कहा कि सीआईडी की टीम ने ताला तोड़ा, अंदर आए और पूरे घर की तलाशी ली। हर चीज का रिकॉर्ड मौजूद है। हालांकि, यह रेड किस मामले में टीएमसी के सांसद के यहां पड़ी थी। इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं आयी है।
वहीं, अभिषेक बनर्जी के घर CID की रेड पर तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने कहा कि अभिषेक इस मुद्दे को संभालने में सक्षम हैं। हमें इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करनी है।
इससे पहले सीआईडी की टीम ने गुरुवार को अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद वह भवानी भवन स्थित सीआईडी हेडक्वाटर पहुंचे थे। इस दौरान फर्जी हस्ताक्षर मामले में पुलिस ने पांच घंटे तक पूछताछ की थी। फिर शुक्रवार को सीआईडी की टीम कालीघाट स्थित उनके घर पहुंची। इस बार साल्ट लेक में उनकी एक टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस समय अभिषेक घर पर नहीं थे। पुलिस को काफी समय तक डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी का इंतजार करना पड़ा था।
TMC सांसद कीर्ति आजाद ने CID द्वारा TMC राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी से पूछताछ किए जाने पर कहा कि यह भाजपा का पुराना तरीका है। भाजपा यही तरीका अपनाती है। संभवत: उन्हें मदन मित्रा की आवश्यकता पड़ गई है या वे अभिषेक बनर्जी को तोड़ना चाहते हैं। ये सब इनकी मानसिकता को दिखाता है। उन्हें सरकार चलाने से मतलब नहीं है। इन्हीं सब बातों की चर्चा होगी, यही सब चलता रहेगा तो कोई महंगाई व बेरोजगारी जैसे विषयों पर कोई बात नहीं करेगा। देश की परिस्थिति तो सब कोई जानता ही है।