राष्ट्रीय

दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट से पहले पुलिस का एक्शन, ‘कॉकरोच’ के सह-प्रभारी दीपक बालियान को हिरासत में लिया गया

CJP: CJP के राष्ट्रीय संगठन सह-प्रभारी दीपक बालियान को उनके घर से हिरासत में ले लिया गया है और उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
CJP activist detained
CJP के नेता (फोटो-IANS)

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय संगठन सह-प्रभारी दीपक बालियान को उनके घर से हिरासत में ले लिया गया है और उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा है। इस बात की जानाकारी CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए दी है।

'क्या भारत में इमरजेंसी लगने जा रही'

CJP के सह-प्रभारी और प्रवक्ता दीपक बालियान को राजस्थान में उनके आवास से राजस्थान पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले बड़े विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से पुलिस प्रशासन और युवाओं के इस आंदोलन के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। पोस्ट में CJP ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भारत में एक बार फिर से इमरजेंसी लगने जा रही है।

SIR के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान

कॉकरोच जनता पार्टी ने आगामी 10 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि चुनाव आयोग मतदाता सूची में ऐसे बदलाव कर रहा है जिससे लाखों नागरिक अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। इस मामले को लेकर दिल्ली में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इंडिया गठबंधन के नेता लगातार तीन दिन से दिल्ली में अलग-अलग जगह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

आशुतोष रांका का पुलिस को जवाब

दीपक बालियान की हिरासत की खबर सामने आने के बाद CJP नेता आशुतोष रांका ने पुलिस की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या हम एक और आपातकाल की ओर बढ़ रहे हैं? आशुतोष रांका ने दावा किया कि इस कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ पुलिस स्टेशन की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे इलाके में हलचल तेज हो गई है।

पुलिस ने हिरासत के दावों को नकारा

राजस्थान पुलिस अधिकारियों ने कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा लगाए गए गलत और अवैध हिरासत के आरोपों को खारिज किया है। वहीं, पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है कि अधिकारियों ने बालियान को उनके घर से उठाया और पुलिस स्टेशन ले गए। ऐसे में इस घटना ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले CJP के प्रदर्शन से पहले पुलिस और पार्टी के लोगों के बीच माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।

Updated on:
08 Oct 2026 09:27 pm
Published on:
08 Oct 2026 09:01 pm