Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली एमसीडी में शुक्रवार को मेयर चुनाव में हंगामा हो गया। सदन में भाजपा और आप के पार्षद एक-दूसरे से भिड़ गए। दोनों ओर से धक्कामुक्की भी हुई। हंगामे का वीडियो भी सामने आया है। इधर मेयर चुनाव से पहले हुए हंगामे पर राजधानी का सियासी पारी हाई हो गया है।
Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली नगर निगम में शुक्रवार मेयर चुनाव के दौरान भारी बवाल मच गया। सदन में भाजपा और आप के पार्षद भिड़ गए। दोनों ओर से धक्कामुक्की भी हुई। बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस कारण नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया को रोकना पड़ा। हंगामे के पीछे उपराज्यपाल के एक फैसले को जिम्मेदार बताया गया। आप ने कहा कि एलजी ने मनोनीत पार्षदों को पहले शपथ दिलानी शुरू की। जबकि नियम जीते हुए पार्षदों को पहले शपथ दिलाने की है। इस हंगामे के कारण कड़ाके की ठंड के बीच राजधानी का सियासी पारा गरम हो गया। दोनों ओर से एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। आप की ओर से डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर तो भाजपा की ओर से मनोज तिवारी ने आप पर तीखे हमले किए।
दिल्ली मेयर चुनाव में हंगामे का कारण
250 पार्षदों वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है। इस चुनाव में आप ने 134 वार्डों में जीत हासिल की थी। भाजपा को 104 वार्डों में जीत मिली थी। वहीं, कांग्रेस सिर्फ 9 वार्ड जीत सकी थी और 3 वार्डों में निर्दलीय को सफलता मिली। शुक्रवार को उपराज्यपाल ने भाजपा के 10 पार्षदों को मनोनीत किया। जिन्हें पहले शपथ दिलाई जा रही थी। इसी बात का आप पार्षदों ने विरोध किया।
सिसोदिया का हमला- कितना गिरोगे भाजपा वालों
हंगामे के बीच आम आदमी पार्टी की ओर से डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि MCD में अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए और कितना गिरोगे भाजपा वालों! चुनाव टाले, पीठासीन अधिकारी की ग़ैरक़ानूनी नियुक्ति, मनोनीत पार्षदों की ग़ैरक़ानूनी नियुक्ति, और अब जनता के चुने पार्षदों को शपथ न दिलवाना…. अगर जनता के फ़ैसले का सम्मान नहीं कर सकते तो फिर चुनाव ही किसलिए?
मनोज तिवारी बोले- बहुमत के बाद भी आप को हार का डर
इधर एमसीडी मेयर चुनाव को लेकर सदन में हुए हंगामे पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि ये (आप) हिंसा पर उतारू है, बीजेपी ने अगर संयम से काम नहीं लिया होता तो स्थिति और बिगड़ जाती। आम आदमी पार्टी नैतिक रूप से हार चुकी है। ये सारी संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध कैसे कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी को अपने पार्षदों पर भरोसा नहीं है। बहुमत होने के बाद भी आप को हार का डर है।
एलजी ने भाजपा पार्षद सत्य शर्मा को बनाया प्रोटेम स्पीकर
एमसीडी का शपथ ग्रहण समारोह और मेयर का चुनाव शुक्रवार दोपहर को होना है। दिल्ली उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने महापौर के चुनाव के लिए बैठक की अध्यक्षता करने के लिए भाजपा पार्षद सत्य शर्मा को प्रोटेम स्पीकर नामित किया है। वे अन्य पार्षदों को शपथ दिलाएंगी। इस बीच आप ने मुकेश गोयल को सदन का नेता नामित किया है। सभी निगमों के राष्ट्रीय राजधानी में विलय से पहले शर्मा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर थे।