
CM Vijay Tamil Nadu May 2026 Installment: तमिलनाडु में जोसेफ विजय की सरकार बनने के बाद प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। थलापति विजय ने गुरुवार को ऐलान किया है कि 'कलैगनार मगलिर उरीमाई थोगाई' योजना की मई की किस्त जल्द ही पात्र महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। अधिकारी परिवार की महिला मुखियों को 1000 रुपये की मासिक समय पर देने की तैयारी में लग गए हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि हस्तांतरण प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और लाभार्थियों को जल्द ही उनके खातों में राशि प्राप्त हो जाएगी।
आपको बता दें कि यह राशि पूर्व डीएमके सरकार द्वारा लागू की गई योजना का हिस्सा है। इसका नाम पार्टी के दिवंगत दिग्गज नेता एम करुणानिधि के नाम पर रखा गया है। यह वित्तिय सहायता लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। सीएम विजय के हवाले से जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि सरकार को 'कलैगनार मगलिर उरीमाई थोगाई' योजना के पुनर्गठन के लिए समय चाहिए, जिसके तहत महिलाओं को 1,000 रुपये दिए जाते हैं। मुख्यमंत्री विजय ने निर्देश दिया है कि इस योजना के तहत मई माह की 1000 रुपये की किस्त जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा कर दी जाएगी।
बता दें कि विधानसभा चुनावों से पहले किए गए अपने चुनावी वादों के तहत विजय की टीवीके पार्टी ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं को 2,500 रुपये की मासिक सहायता देने का वादा किया था।
विजय के अनुसार, टीवीके सरकार 'घोड़े की रफ्तार' से काम करती है। बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में घोषणा की कि उनका प्रशासन स्वच्छ और कुशल शासन सुनिश्चित करने के लिए घोड़े की गति से कार्य करेगा। उन्होंने दोहराया कि अल्पसंख्यकों, महिलाओं, बच्चों, किसानों, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा बिना किसी समझौते के की जाएगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार धर्मनिरपेक्ष मूल्यों, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और जन कल्याण पर ध्यान केंद्रित करेगी।