राष्ट्रीय

Cockroach Janata Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके को मिली जान से मारने की धमकी, घर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात

Cockroach Janata Party: सोशल मीडिया पर वायरल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं, जिसके बाद संभाजीनगर स्थित उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
2 min read
May 25, 2026
Cockroach Janta Party Protest
Cockroach Janta Party Protest (AI Image)

Cockroach Janata Party: सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके  को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकियों के बाद महाराष्ट्र के संभाजीनगर स्थित उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस बीच अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम अकाउंट का कंट्रोल वापस मिलने के बाद सोशल मीडिया पर वापसी का ऐलान करते हुए लिखा हम वापस आ गए हैं, तुम भूल गए थे कि हम जिंदा रहने के लिए क्या कर सकते हैं।

इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का किया था दावा

शनिवार को अभिजीत दिपके ने दावा किया था कि उनकी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है। हालांकि बाद में अकाउंट का कंट्रोल वापस मिल गया।

रविवार दोपहर तक उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 2.27 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई।

94 प्रतिशत फॉलोअर्स भारत से

अभिजीत दिपके ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर डेटा साझा करते हुए दावा किया कि उनके 94 प्रतिशत से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने हाल ही में कहा था कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस नेटवर्क से फॉलोअर्स जुटाते हैं, जबकि भारत में ही पर्याप्त युवा मौजूद हैं। दिपके की पोस्ट को इसी बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

कौन हैं अभिजीत दीपके?

महाराष्ट्र के संभाजीनगर निवासी 30 वर्षीय अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं।

वह 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट भी रह चुके हैं। किसान आंदोलन, महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों जैसे मुद्दों पर वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपनी राय रखते रहे हैं।

हाल के दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से उनका सोशल मीडिया अभियान तेजी से वायरल हुआ है, जिसके बाद उनके फॉलोअर्स में अचानक बड़ी बढ़ोतरी देखी गई।

CJI की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद

पूरा विवाद 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कुछ लोगों को ‘समाज के परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों से संबोधित किया था।

इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने इसे युवाओं और आम लोगों के खिलाफ बताया, जबकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने सफाई देते हुए कहा कि उनका बयान देश के युवाओं के लिए नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर पेशों में आने वाले लोगों के संदर्भ में की गई थी।

इसी विवाद के बाद अभिजीत दिपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया। देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लाखों युवा इससे जुड़ने लगे।

कुछ ही दिनों में इंस्टाग्राम पर इस प्लेटफॉर्म के फॉलोअर्स करोड़ों में पहुंच गए, जिसके बाद यह देशभर में चर्चा का विषय बन गया।

Updated on:
06 Jun 2026 04:39 pm
Published on:
25 May 2026 02:26 am