Cockroach Janta Party Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अमृतसर में नीट छात्रों के समर्थन में बड़ा प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। हजारों युवाओं की मौजूदगी के बीच उन्होंने 20 जून दिल्ली मार्च और उससे पहले 14 जून को बेंगलुरु प्रदर्शन का भी ऐलान किया।

Cockroach Janta Party Future Plan: नीट विवाद पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं। इस धरना-प्रदर्शन में सोनम वांगचुक सहित कई दिग्गज भी पहुंचे थे। प्रदर्शन के अंत में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने ऐलान किया था कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं आएगा वो अलग-अलग शहरों में जाकर युवाओं को इकठ्ठा करेंगे। इसी कड़ी में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने पंजाब के अमृतसर में प्रदर्शन किया। जसिमें कई हजार लोग पहुंचे थे। उसके बाद अभिजीत दीपके ने आगे का भी प्लान बता दिया।
अमृतसर में NEET अभ्यर्थियों के समर्थन में आयोजित एक बड़े प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला बोला। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र और युवा शहर के गोल्डन गेट क्षेत्र में एकत्र हुए थे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी जताई। सभा को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि देश में लंबे समय से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं पर लगातार मानसिक दबाव बढ़ रहा है, लेकिन इस दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट होने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि 13 जून तक छात्रों की मांगों को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अपने भाषण में उन्होंने उन छात्रों का भी जिक्र किया, जिन्होंने कथित तौर पर पढ़ाई और परीक्षा संबंधी तनाव के कारण आत्महत्या जैसा कदम उठाया। दीपके ने कहा कि ऐसे कई युवा थे जो आगे चलकर देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते थे, लेकिन परिस्थितियों के चलते उनकी जिंदगी समय से पहले खत्म हो गई। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी बताया।
इसके साथ ही उन्होंने छात्रों और युवाओं से 20 जून को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। उनका कहना था कि जब तक छात्रों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान मौजूद युवाओं ने भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अपनी आवाज उठाई।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बताया कि बेंगलुरु में 14 जून को मैं शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए और हमारे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र का इस्तीफा मांगने के लिए बेंगलुरु में रहूंगा। 1 करोड़ से अधिक छात्रों के साथ सिस्टम ने अन्याय किया है। इसलिए अब समय आ गया है कि हम सभी को एक साथ आना चाहिए और उन छात्रों के लिए न्याय की मांग करनी चाहिए। पोस्ट में उन्होंने अपील की कि 4 बजे बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एक साथ आएं।