IMD ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि इस साल बीते कई सालों की तुलना में अधिक ठंड पड़ने वाली है। पढ़ें पूरी खबर...
IMD Alert: देश के कई हिस्सों में शीतलहर ने जन जीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती प्रसार और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डिप्रेशन जैसे मौसमी गतिविधियों के कारण उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों से लेकर मैदानों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के नए अपडेट के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप बढ़ेगा और शीतलहर व घने कोहरे की स्थिति दिखेगी। IMD ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। जो ऊपरी हवा में चक्रवाती प्रसार के रूप में बना हुआ है। इसके अलावा मध्य स्तरों में भी हवाओं का एक ट्रफ मौजूद है। इसके कारण मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। IMD ने कहा कि इसका असर खासकर हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में देखने को मिल रहा है। इससे कई इलाकों में बर्फबारी की संभावना बन रही है, जबकि मैदानी इलाकों में ठंडी हवा की वजह से शीतलहर की स्थिति है।
राजस्थान में गुरुवार से शीतलहर की चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों राजस्थान में सर्दी का प्रभाव तेजी से बढ़ने वाला है। हिमालय पर अगले 48 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से आने वाले एक सप्ताह में तेज सर्दी पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शेखावाटी क्षेत्र में सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई है। गुरुवार से शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनू में शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है। खास तौर पर सीकर के फतेहपुर में मौसम में जबरदस्त गलन महसूस की जा रही है।
बिहार के 10 शहर घने कोहरे की चपेट में हैं। सुबह-शाम में लगातार ठिठुरन बढ़ रही है। पटना, बेगूसराय, किशनगंज, बेतिया, बगहा. गोपालगंज समेत 10 से ज्यादा शहरों में पारा 11 डिग्री से नीचे आ गया है। 4 घंटे में भागलपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में शीतलहर के तेज होने की संभावना है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने को कहा है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि आज, अधिकतम तापमान के 23 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं। सुबह के समय दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पांच दिसंबर तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है, जिसमें न्यूनतम तापमान के छह डिग्री तक गिर सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है, इसलिए वायु प्रदूषण से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। साथ ही, छह दिसंबर से कोहरा और अधिक घना होने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे यातायात और हवाई सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद दो से तीन डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं, पूर्वी भारत के राज्यों झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। हल्की धुंध और नमी की वजह से सुबह का मौसम और ज्यादा ठिठुरन भरा रह सकता है। वहीं, राज्य के पहाड़ी जिलों में तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पांच दिसंबर से मौसम पर असर डाल सकता है। इसके कारण चंबा, कांगड़ा, कुल्लू तथा लाहौल और स्पीति में पांच और सात दिसंबर को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, बिलासपुर और मंडी जिलों में तीन और चार दिसंबर को घना कोहरा छाने का अंदेशा है।
लाहौल घाटी में तापमान लगातार गिर रहा है और पानी के स्रोत जमने लगे हैं। टाबो कस्बे ने इस सीजन का अपना सबसे कम तापमान माइनस आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो अत्यधिक ठंड की स्थिति को दर्शाता है।
कश्मीर घाटी के सभी मौसम केंद्रों ने पिछले दिनों न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले की कोनिबल घाटी में तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दक्षिण भारत में मौसम की सबसे बड़ी गतिविधि बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन है। चक्रवाती तूफान ‘दित्वाह’ (Ditwah) का अवशेष अब एक डिप्रेशन के रूप में उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी तट के करीब मौजूद है। आज आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।