
CJP Jaipur attack: जयपुर में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ हुई हिंसा को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने राज्य सरकार से पूर्व में जारी आदेश को वापस लेने की मांग की है, वहीं बीजेपी ने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है। आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर बच्चों की शिक्षा को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है।
कांग्रेस के कद्दावर नेता और विधायक सचिन पायलट ने कहा कि, "लोगों, युवाओं और छात्रों में गुस्सा है, लेकिन राजस्थान सरकार इसे दबाने की कोशिश कर रही है। सरकार ने अब एक नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत पत्रकार या अन्य कोई शख्स बिना इजाजत के स्कूलों में नहीं जा सकते, तस्वीरें नहीं ले सकते या रिपोर्ट नहीं छाप सकते। वे अपनी नाकामियों को छिपाकर रखना चाहते हैं। सरकारी स्कूलों की खराब हालत, बिगड़ता इंफ्रास्ट्रक्चर और जर्जर इमारतों की सच्चाई सरकार छिपाना चाहती है।"
राजस्थान सरकार के मंत्री अविनाश गहलोत ने जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा के एक सरकारी स्कूल में CJP टीम के दौरे के दौरान उन पर हुए कथित हमले पर कहा, "देखिए, किसी भी स्कूल के कामकाज में बेवजह रुकावट डालना सही नहीं है। आप लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन अगर आप स्कूल में घुसकर कामकाज में बाधा डालेंगे, तो जनता क्या करेगी? जनता ही इस राज्य और देश की असली मालिक है। लेकिन CJP का काम ही अव्यवस्था फैलाना है। CJP के कुछ लोग राजस्थान में अशांति फैलाने की कोशिश भी कर रहे हैं। हम राजस्थान में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं फैलने देंगे।"
जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP के कार्यकर्ताओं के साथ यह सब इसलिए हुआ है, ताकि वे लोग बच्चों की शिक्षा के लिए आवाज न उठा सकें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आखिर देश में ये सब क्या हो रहा है?
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने CJP के वॉलंटियर्स पर बुरी तरह हमला किया। कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और गाड़ियों के शीशे तक तोड़ दिए गए। केजरीवाल ने आगे लिखा कि अगर बच्चे पढ़-लिख जाएंगे, तो इससे बीजेपी को क्या परेशानी है? उन्होंने सवाल किया कि आखिर बीजेपी बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहती है।