
Congress Reform: कांग्रेस अपने फैसले लेने में देरी और संगठनात्मक नियुक्तियों को टालने की छवि बदलने की कोशिश में जुटी है। पार्टी नेतृत्व ने हाल के महीनों में यह संदेश देने का प्रयास किया है कि राजनीतिक और संगठनात्मक निर्णयों को अब लंबित रखने के बजाय समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और संगठन से जुड़े फैसलों को जिस तेजी से अमल में लाया गया, उसे कांग्रेस के भीतर नए कार्यशैली मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी अब 2027 और 2028 में होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि भाजपा से मुकाबला करने के लिए सख्त फैसले सही समय पर करने ही होंगे। कई राज्यों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में देरी का नुकसान चुनावी स्तर पर उठाना पड़ा है। यही वजह है कि केरल में मुख्यमंत्री पद के लिए राहुल गांधी के नजदीकी संगठन महासचिव के. सी.वेणुगोपाल की जगह वीडी सतीशन को चुना गया। वहीं, पार्टी ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलते ही संगठन में भी फेरबदल का फैसले भी कर दिए।
राहुल गांधी ने पिछले कुछ महीनों में अपनी सक्रियता को बढ़ाया है। उन्होंने केरल, कर्नाटक के साथ कुछ राज्यों के संगठन में बदलाव का फैसला जल्दी-जल्दी करवाया। सीबीएसई, नीट पेपर लीक मामले में स्टूडेंट्स, महंगाई के मुद्दे पर ऑटो चालकों से मिलकर आमजन की समस्याओं को उठाने की कोशिश की है। अलग-अलग राज्यों में पार्टी कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर जोश भरने का काम किया है।
महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी की केरल और कर्नाटक में मुख्यमंत्री चुनने में उनकी भूमिका की खासी चर्चा है। हालांकि, वे सार्वजनिक तौर पर हर मुद्दे पर सामने नहीं आतीं, लेकिन राज्यों से आने वाली राजनीतिक रिपोर्ट, नेताओं के बीच समन्वय और संगठनात्मक समीकरणों पर उनकी नजर बनी हुई है। कई प्रदेश नेताओं के साथ उनका सीधा संवाद भी अहम माना जाता है।
कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी कर रही है। पार्टी नेतृत्व ने हाल ही में एआईसीसी के करीब 60 सचिवों के कामकाज की समीक्षा की है। इसके साथ ही राज्यों में रिक्त पड़े प्रदेश प्रभारी पदों को भरने और कुछ राज्यों में प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव पर भी मंथन कर रही है। चर्चा है कि कई नए चेहरों को मौका देने और चुनावी राज्यों में संगठन को अधिक सक्रिय बनाने की रणनीति पर काम चल रहा है।